Census 2027: प्रदेश में कल से शुरू होगा जनगणना-2027 का पहला चरण
शिमला। जनगणना कार्य निदेशालय के प्रवक्ता ने आज यहां जानकारी दी कि राज्य में 16 जून, 2026 से जनगणना 2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण और मकानों की गणना’ का औपचारिक शुभारंभ किया जा रहा है। यह जनगणना 15 जुलाई, 2026 तक संचालित की जाएगी। प्रदेश के सभी जिलों में 13 जून, 2026 तक सभी प्रगणकों तथा पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण पूर्ण हो चुका है। इस बार की जनगणना डिजिटल माध्यम से की जा रही है, जिसमें प्रगणक एचएलओ मोबाइल ऐप का उपयोग कर रहे हैं। जिन नागरिकों ने 1 से 15 जून 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी स्व-गणना पूर्ण कर ली है, वे प्रगणकों को अपनी स्व-गणना आईडी प्रथम चरण के दौरान उपलब्ध करवाएंगे, यदि सामान्य कारणों से नागरिक ऐसा नहीं कर पाए, तो भी 16 जून से 15 जुलाई 2026 तक प्रगणक घर-घर आकर जानकारी एकत्र करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस दौरान प्रगणक आधिकारिक रूप से प्रकाशित 33 प्रश्नों के माध्यम से आपके मकान, परिवार, घर की बुनियादी जरूरतों (पानी, बिजली, शौचालय, अनाज) तथा घरेलू उपकरणों की उपलब्धता के संबंध में जानकारी जुटाएंगे। जन-सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि घर आए प्रगणक की पहचान के लिए आम नागरिक उनके आईडी कार्ड पर मौजूद क्यूआर कोड को स्कैन कर उनकी सत्यता की जांच कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, निदेशालय यह स्पष्ट करता है कि जनगणना के दौरान किसी भी प्रकार की बैंक डिटेल्स, ओटीपी या कोई भी वित्तीय दस्तावेज नहीं मांगा जाता है। उन्होंने कहा कि नागरिक किसी भी भ्रामक सूचना से सावधान रहें।
जनगणना से संबंधित किसी भी आधिकारिक जानकारी या सहायता के लिए नागरिक हेल्पलाइन नंबर 1855 पर संपर्क कर सकते हैं। जनगणना कार्य निदेशालय, हिमाचल प्रदेश सभी नागरिकों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आग्रह करता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
