पार्ट टाइम नहीं होगी जनगणना, स्कूल के बाद काम का फरमान बदलें

By: Jun 12th, 2026 12:51 am

जनगणना को लेकर जारी आदेशों के बाद भडक़ा शिक्षक संघ, आठ शिक्षक संघों ने उपायुक्त हमीरपुर से जारी अधिसूचना को वापस लेने को लेकर सौंपा ज्ञापन
कार्यालय संवाददाता-हमीरपुर
उपायुक्त हमीरपुर के शिक्षकों को स्कूल अवधि के बाद और अवकाश के दिन जनगणना करने के जारी फरमानों के बाद शिक्षक संघ भडक़ गए हैं। गुरुवार को आठ शिक्षक संघों के पदाधिकारियों ने उपायुक्त से मुलाकातल की और जारी अधिसूचना को वापस लेने के लिए एक ज्ञापन भी सौंपा है, ताकि जनगणना में तैनात किए गए शिक्षकों को किसी तरह की असुविधा फील्ड में न झेलनी पड़े। बता दें कि उपायुक्त हमीरपुर गंधर्वा राठौड़ ने बीते बुधवार को जनगणना-2027 को लेकर एक आदेश जारी किए थे, जिसमें कहा गया था कि जनगणना के अधिकारी डयूटी से पहले या फिर डयूटी के बाद जनगणना का कार्य पूरा करना सुनिश्चित करें, ताकि उनका स्कूल या कार्यालय का काम प्रभावित न हो सके या फिर अवकाश के दिन जनगणना का कार्य किया जाए। ऐसे में गुरुवार को सभी टीचर यूनियन एक मंच के नीचे एकत्रित हुई और उपायुक्त हमीरपुर गंधर्वा राठौड़ से जारी अधिसूचना को वापस लेने के लिए एक ज्ञापन सौंपा है।

टीचर यूनियनों में हिमाचल प्रदेश सर्व टीजीटी महासंघ, हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ, विज्ञान अध्यापक संघ, स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन, टीजीटी आट्र्स एसोसिएशन, सीएंडवी अध्यापक संघ, प्राइमरी टीचर फेडरेशन, अखिल भारतीय शैक्षणिक महासंघ और संस्कृत शिक्षक परिषद के करीब 150 से 200 शिक्षकों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त हमीरपुर के समक्ष रखी हैं। क्योंकि हमीरपुर जिला में भी 16 जून से 15 जुलाई तक जनगणना के तहत गृह गणना का कार्य शुरू हो रहा है। प्रथम चरण में अधिकतम तैनाती शिक्षकों की की गई है। शिक्षा विभाग के अलावा शेष विभागों के कर्मचारियों को वर्किंग समय में जनगणना के लिए रिलीव किया जा रहा है, लेकिन शिक्षा विभाग में शिक्षकों को स्कूल में पूरा दिन पढ़ाने के बाद यह कार्य करने के आदेश उपायुक्त हमीरपुर गंधर्वा राठौड़ ने बुधवार को जारी किए थे, जिससे शिक्षकों को यह कार्य तय अवधि में पूरा करना मुश्किल हो गया है। समान कार्य हेतु समान समय लगता है। मगर प्रशासन इस बात की उपेक्षा करते हुए शिक्षकों को ड्यूटी के बाद और अवकाश में यह कार्य करने हेतु बाध्य कर रहा है। इसके अलावा शिक्षकों को अवकाश वाले दिन जनगणना हेतू मिलेंगे, जबकि इस कार्य हेतु तय समय 30 दिन है।

शिक्षकों की एकजुटता, सरकार को अल्टीमेटम
ज्ञापन सौंपने वालों में टीचर यूनियनों में हिमाचल प्रदेश सर्व टीजीटी महासंघ के राज्य कार्यकारिणी महासचिव सुनील शर्मा, हिमाचल राजकीय अध्यापक संघ के जिला प्रधान राजेश गौत्तम, विज्ञान अध्यापक संघ के जिला प्रधान विकेश कौशल, प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ के जिलाध्यक्ष गौत्तम सिंह राणा, टीजीटी आट्र्स एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव विजय हीर, सीएंडवी अध्यापक संघ के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार प्राइमरी टीचर फेडरेशन, अखिल भारतीय शैक्षणिक महासंघ और संस्कृत शिक्षक परिषद के पदाधिकारी काफी संख्या में मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App