नगरोटा बगवां में पांच दुकानदारों के चालान

By: Jun 12th, 2026 12:47 am

बिना लाइसेंस तंबाकू बेचने वालों पर कार्रवाई, बाजारों में मचा हडक़ंप
कार्यालय संवादाता- नगरोटा बगवां
तम्बाकू उत्पादों की बिक्री एवं उपयोग पर नियंत्रण के लिए गठित कोटपा फ्लाइंग स्क्वाड नगरोटा बगवां ने खंड चिकित्सा अधिकारी डा. रूबी भारद्वाज के नेतृत्व में बलधर, सेराथाना, धलूं, टंग, बड़ोई तथा पठियार बाजार क्षेत्रों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न दुकानों का निरीक्षण किया गया तथा खुले में एवं बिना वैध लाइसेंस के तंबाकू उत्पाद बेचने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पांच दुकानदारों के चालान किए गए। पठियार बाजार में एक विद्यालय के समीप स्थित दुकान में बीड़ी, सिगरेट एवं खैनी जैसे तंबाकू पदार्थ पाए जाने पर टीम ने लगभग पांच पैकेट बीड़ीए पांच पैकेट सिगरेट तथा अन्य तंबाकू उत्पादों को मौके पर ही नष्ट करवाया।

संबंधित दुकानदार को भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी चेतावनी भी दी गई। इस अवसर पर टीम में सुशील धीमान, हैप्पी कुमार तथा पुलिस विभाग से संजय कुमार उपस्थित रहे। खंड चिकित्सा अधिकारी डा. रूबी भारद्वाज ने क्षेत्र के सभी दुकानदारों एवं आम नागरिकों से कोटपा अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए तंबाकू नियंत्रण संबंधी नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App