नीरज भारती के आरोपों पर चंद्र कुमार ने तोड़ी चुप्पी, कहा- सोशल मीडिया पर पार्टी के खिलाफ बोलना अनुचित

By: Jun 6th, 2026 4:19 pm

शिमला। पूर्व विधायक नीरज भारती द्वारा पार्टी की कार्यप्रणाली पर लगाए गए आरोपों का खंडन करते हुए कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने कहा कि कांग्रेस पार्टी विचारों की अभिव्यक्ति की आजादी देती है, लेकिन पार्टी के संबंध में नीरज भारती द्वारा की गई टिप्पणी का वह खंडन करते हैं। प्रो. चन्द्र कुमार ने कहा कि पार्टी और सरकार अनुशासन से चलती है। यदि नीरज भारती को पार्टी की कार्यप्रणाली से संबंधित कोई नाराजगी थी तो वे इसे कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष के समक्ष रख सकते थे। उन्होंने कहा कि वे स्वयं जन प्रतिनिधि रहे हैं और उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ कार्य किया है। उन्हें उपाध्यक्ष के पद पर आसीन रहते हुए जिम्मेदारी से कार्य करने की आवश्यकता थी। इस प्रकार के आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति करने से पार्टी की छवि को नुकसान हुआ है और उनका राजनैतिक कद कम हुआ है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस तरह की बातें रखना पूर्णत अनुचित है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने विचारों और मूल्यों के लिए जानी जाती है और वर्तमान प्रदेश सरकार की कथनी और करनी में समरूपता है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए सरकार किसानों को मजबूत कर रही है। इसके दृष्टिगत राज्य सरकार ने अनेक किसान हितैषी निर्णय लिए हैं जिनका लाभ सीधा किसानों को मिल रहा है। राज्य सरकार ने किसान आयोग बनाने का भी निर्णय लिया है जिससे किसान लाभान्वित होंगे। प्रदेश सरकार ओपीएस बहाली, इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख-सम्मान निधि योजना, राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्ट-अप योजना जैसी अनेक जनहितैषी योजनाओं से समाज के हर वर्ग का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

सभी सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से इंग्लिश मीडियम शुरू किया गया है। हर विधानसभा क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल खोले जा रहे हैं। इसके अलावा 156 सीबीएसई स्कूल भी खोले गए हैं। स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार के लिए राज्य सरकार ने कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। प्रदेश में पहली बार रोबोटिक सर्जरी की सुविधा के साथ-साथ पैट स्कैन, थ्री टेस्ला एमआरआई और सीटी स्कैन जैसी आधुनिक मशीनें स्थापित की गई हैं, ताकि प्रदेश में ही मरीज़ों को सस्ता और सुलभ इलाज मिल सके।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने ‘अपना परिवार-सुखी परिवार’ योजना के तहत अति गरीब परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली प्रति माह देने का निर्णय लिया है। इस योजना से एक लाख परिवार लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि कल्याणकारी नीतियों और योजनाओं के माध्यम से प्रदेश सरकार ने राज्य में परिवर्तनकारी पहल की हैं। इनके सकारात्मक परिणाम धरातल पर नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सरकार की नीतियों पर विश्वास व्यक्त कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App