सोलन सब्जी मंडी में चेरी ने लगाई छलांग

By: Jun 9th, 2026 12:03 am

सेब, लीची, फ्रेंचबीन और लहसुन को भी मिले बेहतर दाम, किसानों में खुशी

निजी संवाददाता-सोलन
कृषि उपज मंडी समिति सोलन की सोमवार को जारी दैनिक थोक भाव सूची में कई फल और सब्जियों के दामों में मजबूती दर्ज की गई। सबसे अधिक आकर्षण चेरी के भावों ने खींचा, जिसका अधिकतम मूल्य 40 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गया। अच्छे दाम मिलने से बागवानों में खुशी का माहौल है। मंडी में टमाटर 2500 से 2900 रुपए, शिमला मिर्च 4000 से 4500 रुपए, हरा मटर 2000 से 5000 रुपए और फासबीन 6000 से 8600 रुपए प्रति क्विंटल तक बिकी। वहीं फूलगोभी 2500 से 3000 रुपए और खीरा 2000 से 3000 रुपए प्रति क्विंटल के भाव पर रहा।

फलों में सेब 10 हजार से 19 हजार रुपए, लीची 7000 से 16 हजार रुपए, अनार 10 हजार से 15 हजार रुपए तथा आम 3000 से 10 हजार रुपए प्रति क्विंटल तक बिका। लहसुन का अधिकतम भाव 14 हजार रुपए और औसत भाव 9 हजार रुपए दर्ज किया गया। मंडी समिति के सचिव राघव ने बताया कि उपज की गुणवत्ता और बाजार मांग के अनुसार भाव तय होते हैं। किसानों ने बेहतर दाम मिलने पर संतोष जताते हुए भविष्य में भी इसी तरह के भाव बने रहने की उम्मीद व्यक्त की।

अच्छे भावों से बढ़ी किसानों की उम्मीदें
किसानों और बागबानों ने कहा कि चेरी, लीची, सेब, फासबीन और लहसुन जैसी फसलों के बेहतर दाम मिलने से उनकी आय में वृद्धि होगी। बढ़ती लागत और परिवहन खर्च के बीच उचित मूल्य मिलने से उन्हें राहत मिली है। किसानों ने मंडी में बेहतर विपणन सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App