धर्मशाला में बोले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, शुद्ध मतदाता सूची ही पारदर्शी चुनाव का आधार

By: Jun 5th, 2026 10:22 pm

 डुप्लिकेट, मृत की कोई जगह नहीं

स्टाफ रिपोर्टर — धर्मशाला
देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में कहा कि शुद्ध मतदाता सूची ही पारदर्शी चुनाव का आधार है। शुद्ध मतदाता सूची में अनुपस्थित, डुप्लिकेट, अबसेंट, मृत व विदेशी का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। साथ ही साथ भारत के वे नागरिक जो 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं और मतदान केंद्र के आसपास रहते हैं, उनका नाम सूची में अवश्य होना चाहिए। मुख्य आयुक्त ने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता छूटना नहीं चाहिए, साथ ही अपात्र लोगों के लिए चुनावी सूची में कोई स्थान नहीं है। ज्ञानेश कुमार ने देश व हिमाचल प्रदेश के सभी मतदाताओं को आभार जताते हुए कहा कि जब भी चुनाव हो, वे अपना वोट डालने जरूर जाएं।

दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में चुनाव का पर्व हम सबके लिए गर्व का विषय है। ज्ञानेश कुमार ने कहा कि वह वीरभूमि कहे जाने वाले हिमाचल प्रदेश में चुनाव आयोग के रिव्यू के लिए विशेष रूप से पहुंचे हैं। हिमाचल चुनाव आयोग, राज्य चुनाव आयोग के आयुक्त, बूथ लेवल के चुनाव अधिकारियों के साथ भी संवाद करने का मौका मिल रहा है। साथ ही देवभूमि हिमाचल प्रदेश जिला कांगड़ा व धर्मशाला के विभिन्न प्रमुख स्थलों में भ्रमण करने का भी मौका मिल रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि उन्हें बहुत गर्व की अनुभूति हुई, जब पोलिंग स्टेशन में पहुंचे और पता चला कि हिमाचल प्रदेश के बूथ लेवल के अधिकारियों को भी चुनावी प्रक्रिया के बारे में पूरी जानकारी है। उन्होंने कहा कि इतनी अपेक्षा भी उन्होंने नहीं की थी। इसके लिए उन्होंने राज्य चुनाव अधिकारी, जिला उपायुक्तों व एसडीएम के कार्यों को सराहा है। ज्ञानेश कुमार ने बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) और बीएलओ पर्यवेक्षकों की पीठ थपथपाते हुए उन्हें चुनावी प्रक्रिया की असली आधारशिला बताया। इस उच्च स्तरीय बैठक में हिमाचल प्रदेश की मुख्य निर्वाचन अधिकारी नंदिता गुप्ता समेत राज्य और जिला स्तर के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App