दो दिन बड़ा भंगाल में रहेंगे मुख्यमंत्री सुक्खू, आपदा प्रभावित क्षेत्रों का लेंगे जायजा, लोगों की सुनेंगे समस्याएं
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 27 और 28 जून, 2026 को कांगड़ा जिले के दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल का एक महत्त्वपूर्ण दौरा करने जा रहे हैं। इस दो दिवसीय प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री मुख्य रूप से आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जमीनी स्तर पर निरीक्षण करेंगे और स्थानीय जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं जानेंगे। कार्यक्रम के अनुसार, शनिवार 27 जून की सुबह 9.50 बजे मुख्यमंत्री शिमला के ओकओवर से प्रस्थान करेंगे। अन्नाडेल हेलिपैड से सुबह 10:10 बजे वह उड़ान भरेंगे और कांगड़ा के गगल एयरपोर्ट पर ईंधन भरवाने के बाद पूर्वाह्न 11:30 बजे बड़ा भंगाल पहुंचेंगे। कुछ देर विश्राम के पश्चात वह पैदल ही दोपहर 12:50 बजे बड़ा भंगाल गांव के आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने निकलेंगे। आपदा प्रभावित इलाके का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री अपर बड़ा भंगाल गांव में स्थित माइक्रो हाइडल प्रोजेक्ट का निरीक्षण करेंगे, जिसके लिए वह शाम 4:00 बजे वहां पहुंचेंगे।
इस परियोजना के निरीक्षण के बाद, शाम 5:30 बजे वह बड़ा भंगाल स्थित फॉरेस्ट रेस्ट हाउस के समीप एक जनसभा करेंगे। शनिवार रात को मुख्यमंत्री का विश्राम बड़ा भंगाल के फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में ही तय किया गया है। अगले दिन रविवार 28 जून की सुबह 9:00 बजे मुख्यमंत्री प्रस्थान करेंगे और 9:20 बजे बड़ा भंगाल हेलिपैड से वापस शिमला के लिए उड़ान भरेंगे। गगल एयरपोर्ट पर संक्षिप्त ठहराव के बाद वह पूर्वाह्न 10:45 बजे शिमला के अन्नाडेल हेलिपैड पहुंचेंगे और 11:05 बजे वापस ओक ओवर पहुंच जाएंगे। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह तय कार्यक्रम मौसम की स्थिति पर निर्भर करेगा और आवश्यकता पडऩे पर इसमें अंतिम समय में बदलाव भी किए जा सकते हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
