कॉकरोच जनता पार्टी का जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आज जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन कर रही है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके दिल्ली पहुंच गए हैं। दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए, क्योंकि पेपर लीक होने के चलते पांच छात्रों ने आत्महत्या की है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शिक्षा मंत्री को हमने चुन कर भेजा है, हमारे टैक्स से उनको तनख्वाह मिलती है! cockroach आ रहे हैं, धर्मेंद्र प्रधान जा रहे हैं! प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए जंतर-मंतर पर पहुंचे लोग अपना रोष प्रकट करने के लिए अलग-अलग वेश भूषा में आए हैं। कुछ लोगों ने चेहरे पर कॉकरोच वाले मास्क लगाए हुए हैं। वहीं कुछ लोग अपने हाथों में शांति के प्रतीक के रूप में गुलाब के फूल भी साथ लाएं हैं।
कॉकरोच जनता पार्टी ने युवाओं से अपील की है कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और संविधान के दायरे में रहकर किया जाए। पार्टी ने कहा है कि अगर कोई व्यक्ति किसी तरह की गड़बड़ी या गलत हरकत करने की कोशिश करे तो उसकी तुरंत वीडियो रिकॉर्डिंग करें या पुलिस को इसकी सूचना दें। सीजेपी ने सभी समर्थकों से हर हाल में शांति व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की है।
इस बीच TMC की राज्यसभा सांसद सागरिका घोष ने CJP आंदोलन अपना समर्थन दिया। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘शुभकामनाएं और पूरा समर्थन. सही लड़ाई लड़ते रहो!’ वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन को सामाजिक कार्यकर्ता और पूर्व आप नेता योगेंद्र यादव ने अपना समर्थन दिया है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों के लिए कविता पढ़कर उनका उत्साह बढ़ाया।
जंतर-मंतर पर एक संदिग्ध व्यक्ति पकड़ा गया
कॉकरोच जनता पार्टी के जंतर मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे एक अज्ञात व्यक्ति को सुरक्षाबलों ने पकड़ा है। यह व्यक्ति अपने साथ स्प्रे लेकर प्रदर्शनकारियों के बीच घुसने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने उसे तुरंत मौके से हटा दिया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
