मानसून से पहले सभी तैयारियां पूरी करें, आपदा को लेकर अलर्ट रहें अफसर
उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बुधवार को जिला परिषद सभागार में हुई मीटिंग में अधिकारियों को दिए निर्देश
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
आगामी मानसून सीजन को देखते हुए ऊना जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है तथा सभी आवश्यक पूर्व तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बुधवार को जिला परिषद सभागार में आयोजित जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी विभागों को मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए समय रहते आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि जन-धन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है । उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग तथा बाढ़ नियंत्रण विंग को स्वां नदी और उसकी सहायक खड्डों सहित सभी नालों, जल निकासी चैनलों और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई, डी-सिल्टिंग तथा अवरोधों को हटाने के निर्देश दिए।
आपातकाल में यहां करें फोन
उपायुक्त ने बताया कि जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (ईओसी) को चौबीसों घंटे सक्रिय है। किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को दें। आपात स्थिति में मदद या सूचना के लिए लोग जिला आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 1077 (टोल फ्री), दूरभाष नंबर 01975-225045, 225046, 225049 एवं 225052 तथा मोबाइल नंबर 94594-57476 पर कॉल कर सकते हैं । उन्होंने सभी एसडीएम को उपमंडल स्तर पर भी नियंत्रण कक्षों को सक्रिय रखने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
