जिला परिषद के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस का होगा कब्जा
उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने चंबा में पत्रकार वार्ता के दौरान किया दावा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने दावा किया है कि जिला परिषद चंबा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस का ही कब्जा होगा। शनिवार को शपथ ग्रहण समारोह के उपरांत आगामी रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह चुनावी नतीजे मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के सवा तीन वर्ष के कार्यकाल के दौरान लिए जनहितैषी निर्णयों पर जनता की मोहर हैं। वह शुक्रवार को मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल के वित्तीय अधिकारों और आपदा राहत फंड को रोके जाने के बावजूद प्रदेश सरकार ने अपने स्तर पर ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट में एक मामले की पैरवी कर प्रदेश के लिए सालाना 252 करोड़ रुपए का वित्तीय लाभ सुनिश्चित किया है।
उन्होंने आगामी रणनीतियों और संगठन की मजबूती पर बात करते हुए कहा कि प्रदेश, जिला और ब्लाक स्तर पर कांग्रेस कमेटियों का गठन पूरा हो चुका है और अब एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस व महिला कांग्रेस जैसे फ्रंटल संगठनों को और सक्रिय किया जा रहा है। उन्होंने आगामी जनगणना और बीएलओ के कार्यों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि बूथ स्तर की कमेटियों को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा ताकि जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड बनी रहे। केवल सिंह पठानिया ने विश्व पर्यावरण दिवस की बधाई देते हुए हिमाचल के पर्यावरण और जल संसाधनों के देश के विकास में योगदान की सराहना की। इस मौके पर सदर विधायक नीरज नैयर और जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी भी मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
