20 डिफाल्टरों के काटे कनेक्शन
निगम ने एक नेता सहित 50 लोगों को नोटिस किए जारी
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
नगर निगम शिमला ने संपत्ति कर बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। अब तक 20 बकायेदारों के बिजली और पानी के कनेक्शन काटे जा चुके हैं। निगम ने 50 बड़े बकायेदारों को भी नोटिस जारी कर निर्धारित समय में कर जमा करने के निर्देश दिए हैं। समय सीमा के भीतर भुगतान न होने पर उनके कनेक्शन भी काटे जाएंगे। निगम के विशेष कर वसूली अभियान के दौरान एक बड़े राजनीतिक नेता द्वारा कर भुगतान के लिए दिया गया करीब 35 लाख रुपए का चेक बाउंस हो गया।
इसके बाद निगम प्रशासन ने संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर राशि जमा करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि भुगतान न होने पर जुर्माना, ब्याज और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने इस संबंध में बिजली बोर्ड और शिमला जल प्रबंधन निगम को भी पत्र भेज दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रभावशाली व्यक्तियों को भी कोई विशेष रियायत नहीं दी जाएगी और सभी बकायेदारों पर समान नियम लागू होंगे। नगर निगम हर वर्ष 35 हजार से अधिक भवन मालिकों से संपत्ति कर और अन्य करों की वसूली करता है। इसी राजस्व से सडक़ मरम्मत, सफाई, पेयजल और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं पर खर्च किया जाता है। निगम का कहना है कि शेष बकाया राशि की वसूली के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
