आनंद मठ मंदिर में हुई देव की प्राण-प्रतिष्ठा

By: Jun 18th, 2026 12:07 am

जीर्णोद्धार के बाद शिव परिवार और लक्ष्मी नारायण की मूर्तियां स्थापित, श्रद्धालुओं में उत्साह

स्टाफ रिपोर्टर-अर्की
अर्की नगर के ऐतिहासिक आनंद मठ मंदिर को आखिरकार अपने प्रभु मिल गए। वर्षों से उपेक्षित और जीर्ण-शीर्ण अवस्था में पड़े इस प्राचीन मंदिर में बुधवार को भगवान शिव परिवार तथा श्री लक्ष्मी नारायण जी की मूर्तियों की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा और स्थापना संपन्न हुई। इसके साथ ही क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही प्रतीक्षा समाप्त हो गई। मंदिर कई वर्षों तक सुनसान और उपेक्षित पड़ा रहा। पुरानी मूर्तियां खंडित हो चुकी थीं और मंदिर की स्थिति लगातार खराब होती जा रही थी। लगभग छह वर्ष पूर्व नम्होल निवासी एवं उस समय अर्की में कार्यरत कनिष्ठ अभियंता लेखराम कौंडल ने इसके जीर्णोद्धार का संकल्प लिया।

उनके प्रयासों से तत्कालीन एसडीएम विकास शुक्ला की अध्यक्षता में आनंद मठ मंदिर जीर्णोद्धार समिति का गठन किया गया। मंदिर के पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण में स्थल स्वामी दिनेश सोनी सहित अनेक समाजसेवियों, धार्मिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। मूर्ति स्थापना कार्यक्रम के उपलक्ष्य में तीन दिनों तक विशेष पूजा-अर्चना, यज्ञ और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। बुधवार को पूर्णाहुति, हवन और कन्या पूजन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने नवस्थापित देव विग्रहों के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। क्षेत्रवासियों ने मंदिर के पुनर्जीवन को सामूहिक सहयोग, आस्था और समर्पण का प्रतीक बताते हुए इसे धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से ऐतिहासिक उपलब्धि करार दिया। कार्यक्रम में समिति पदाधिकारियों, श्रद्धालुओं तथा अर्की राजपरिवार की पुत्रवधू मयूराक्षी सिंह ने भी भाग लिया। समिति ने मंदिर जीर्णोद्धार में सहयोग देने वाले सभी दानदाताओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App