सोलन में संकट…पीने का पानी नहीं

By: Jun 11th, 2026 12:02 am

317 पेयजल योजनाओं में घटा पानी, कई क्षेत्रों में महीने में 10 दिन मिल रही आपूर्ति; टैंकरों से सप्लाई की मांग तेज

निजी संवाददाता-कसौली
भीषण गर्मी के चलते जिला सोलन में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। जल शक्ति विभाग (आईपीएच) के सोलन मंडल के अधीन संचालित 317 पेयजल योजनाएं प्राकृतिक जल स्रोतों में आई भारी कमी के कारण प्रभावित हो रही हैं। जल स्तर घटने से विभाग को लोगों तक पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल पहुंचाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार सोलन मंडल में कुल 317 पेयजल योजनाएं संचालित हैं, जिनमें 109 उठाऊ (लिफ्ट) और 208 प्रवाह (ग्रेविटी) योजनाएं शामिल हैं।

सोलन विधानसभा क्षेत्र में 56 उठाऊ तथा 112 प्रवाह योजनाएं हैं, जबकि कसौली विधानसभा क्षेत्र में 53 उठाऊ और 96 प्रवाह योजनाएं कार्यरत हैं। लगातार बढ़ रहे तापमान के कारण कई प्राकृतिक जल स्रोत सूखने की कगार पर पहुंच गए हैं। इसके चलते जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पानी की किल्लत बढ़ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग पेयजल की व्यवस्था के लिए दिनभर जद्दोजहद कर रहे हैं। वहीं, पशुओं के लिए भी पानी की कमी गंभीर चिंता का विषय बन गई है।

पानी का इस्तेमाल जरूरत के अनुसार करें

आईपीएच धर्मपुर उपमंडल के सहायक अभियंता उदय भानु ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण जल स्रोतों में पानी की भारी कमी आई है, जिससे विभाग को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाने में दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा कि स्थिति की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है तथा जल्द ही टैंकरों के माध्यम से राहत पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने लोगों से पानी का उपयोग आवश्यकता अनुसार और सोच-समझकर करने की अपील भी की।

महीने में सिर्फ 10 दिन मिल रहा पानी

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई इलाकों में महीने में मात्र 10 दिन ही पेयजल की आपूर्ति हो रही है। ऐसे में उन्हें दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है। लोगों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App