समर फेस्टिवल के डॉग शो में डब्बी और टफी बने चैंपियन

By: Jun 11th, 2026 12:02 am

समर फेस्टिवल के डॉग शो में 28 श्वानों ने दिखाई प्रतिभा, तालियों की गूंज के बीच हुए कई रोमांचक मुकाबले

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
अंतरराष्ट्रीय शिमला समर फेस्टिवल-2026 के तहत आयोजित डॉग शो गुरुवार को लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। विभिन्न नस्लों के श्वानों ने अपने शानदार करतब, अनुशासन और विशेष कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले 28 श्वानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में रघुवीर सूद का श्वान ‘डब्बी’ सभी पर भारी रहा और समग्र चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। समर फेस्टिवल के प्रमुख आकर्षणों में शामिल इस प्रतियोगिता को तीन वर्गों बड़ी, मध्यम और छोटी श्रेणी में आयोजित किया गया। प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और पूरे आयोजन के दौरान अपने पसंदीदा श्वानों का उत्साहवर्धन करते रहे।

श्वानों के प्रदर्शन पर दर्शकों की तालियों की गूंज लगातार सुनाई देती रही।डॉग शो के दौरान पशु प्रेमियों, स्थानीय लोगों और पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिला। रंग-बिरंगे परिधानों और आकर्षक अंदाज में पहुंचे श्वानों ने आयोजन को और भी यादगार बना दिया। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों और विजेताओं की सराहना करते हुए उनके उत्साह और सहयोग के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। प्रतियोगिता के विजेताओं को शिमला शहरी के विधायक हरीश जनारथा ने सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम हैं, बल्कि पशुओं के प्रति लोगों में प्रेम और संवेदनशीलता को भी बढ़ावा देते हैं। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, उपनिदेशक पशुपालन विभाग डाक्टर नीरज मोहन आदि उपस्थित रहे।

इस प्रकार रहे विभिन्न प्रतिभागियों के परिणाम
बड़ी श्रेणी में 12 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस वर्ग में रघुवीर सूद के श्वान ‘डब्बी’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। श्वेता शर्मा के श्वान ‘बडी’ को दूसरा और बलविंदर के श्वान ‘कोको’ को तीसरा पुरस्कार मिला। ‘डब्बी’ के शानदार प्रदर्शन ने निर्णायकों को इतना प्रभावित किया कि उसे प्रतियोगिता का चैंपियन भी घोषित किया। मध्यम श्रेणी में नौ प्रतिभागियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। अंकुर के श्वान ‘लियो’ ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि शिल्पा की ‘लैला’ दूसरे और आइवी के ‘कॉफी’ तीसरे स्थान पर रहे। छोटी श्रेणी में सात श्वानों ने भाग लिया। इस वर्ग में डाक्टर अंजलि चौहान के श्वान ‘टफी’ ने पहला स्थान हासिल किया। रितेश के ‘पफी’ को दूसरा और सूरज के ‘जेसी’ को तीसरा पुरस्कार प्रदान किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App