बहुमत के बावजूद कांग्रेस में फंसा पेंच

By: Jun 17th, 2026 12:02 am

देहरा नगर परिषद में अध्यक्ष पद पर सहमति की तलाश, अध्यक्ष चुनाव प्रक्रिया अटकी

कार्यालय संवाददातता-देहरागोपीपुर
नगर परिषद देहरा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस समर्थित बहुमत होने के बावजूद अभी तक अध्यक्ष पद पर सर्वसम्मति नहीं बन पाई है, जिसके चलते पहली औपचारिक बैठक में कोरम पूरा न होने से अध्यक्ष पद की चुनाव प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। अब पूरे क्षेत्र की नजरें 19 जून को होने वाली अगली बैठक पर टिकी हैं। मंगलवार को नवनिर्वाचित पार्षदों ने शपथ ग्रहण करते हुए देहरा के विकास पर जोर देने का वायदा किया। इस अवसर पर विधायक कमलेश ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रही उन्होने सभी पार्षदों को बधाई देते हुए नगर के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। शपथ कार्यक्रम के बाद कांग्रेस समर्थित पार्षदों की बैठक में अध्यक्ष पद को लेकर सहमति बनाने का प्रयास हुआ, लेकिन अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पद पर अंतिम निर्णय नहीं हो पाया।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नगर परिषद में अधिकांश पार्षद पहली बार चुनकर आए हैं और सभी अपने-अपने वार्डों का मजबूत प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। ऐसे में अध्यक्ष पद के लिए कई नामों पर चर्चा होना स्वाभाविक माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व भी ऐसा चेहरा सामने लाना चाहता है जो सभी वर्गों और वार्डों को साथ लेकर चल सके। सूत्रों की मानें तो अध्यक्ष पद के लिए कुछ प्रमुख नामों पर मंथन जारी है। पार्टी संगठन और स्थानीय नेतृत्व सामाजिक संतुलन, अनुभव, जनस्वीकृति और भविष्य की राजनीतिक रणनीति जैसे पहलुओं को ध्यान में रखकर फैसला लेना चाहता है। यही कारण है कि जल्दबाजी की बजाय सर्वसम्मति बनाने की कोशिशें जारी हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या 19 जून तक सभी पार्षद एक मत होकर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के नाम पर सहमति बना पाएंगे या फिर राजनीतिक समीकरणों की नई तस्वीर सामने आएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App