पेड्डी में बदलाव करेंगे निर्देशक बुची बाबू सना
मुंबई। फिल्म पेड्डी को लेकर उठी आपत्तियों के बीच निर्देशक बुची बाबू सना ने दर्शकों की प्रतिक्रियाओं का सम्मान करते हुए फिल्म के कुछ दृश्यों में बदलाव करने की घोषणा की है। बुची बाबू सना ने जारी बयान में कहा कि फिल्म के कुछ हिस्सों को लेकर सामने आई चिंताओं को गंभीरता से लिया गया है और उनकी समीक्षा के बाद आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि एक फिल्ममेकर के रूप में उनका मानना है कि सिनेमा का उद्देश्य लोगों का मनोरंजन करना, उन्हें प्रेरित करना और उनसे जुड़ाव बनाना है। किसी को असहज महसूस कराना या उसका अपमान करना कभी भी उनका उद्देश्य नहीं रहा है।उन्होंने कहा कि वह हमेशा महिलाओं का सम्मान करते आए हैं, चाहे वह पर्दे पर हों या वास्तविक जीवन में। उनका कहना है कि फिल्म में किसी महिला किरदार को गलत तरीके से प्रस्तुत करने या उसका अपमान करने का कोई इरादा नहीं था। हालांकि यदि फिल्म का कोई हिस्सा दर्शकों को ऐसा महसूस कराता है, तो वह उनकी भावनाओं का सम्मान करते हैं और इसके लिए दिल से माफी मांगते हैं। निर्देशक ने बताया कि मिली प्रतिक्रियाओं की समीक्षा के बाद फिल्म के उन हिस्सों में बदलाव करने का फैसला लिया गया है, जिन पर आपत्ति जताई गई थी। उन्होंने कहा कि सिनेमा और दर्शकों के बीच का रिश्ता बेहद खास होता है और एक कहानीकार के रूप में उनकी जिम्मेदारी है कि वह समय के साथ बदलती सामाजिक संवेदनशीलताओं और सोच का सम्मान करें। बुची बाबू सना ने कहा कि हर महिला सम्मान, गरिमा और सही प्रतिनिधित्व की हकदार है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह आगे भी ऐसी कहानियां प्रस्तुत करने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे, जो मजबूत किरदारों को सामने लाएं और इन मूल्यों को बनाए रखें। उन्होंने अपनी राय ईमानदारी से साझा करने वाले सभी दर्शकों का धन्यवाद किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
