कांग्रेस में फिर छिड़ी कलह, राजस्थान के पूर्व सीएम का बड़ा खुलासा, मैं अध्यक्ष बनना चाहता था

By: Jun 8th, 2026 12:08 am

एजेंसियां— जयपुर

राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने एक बार फिर 25 सितंबर, 2022 के राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, मैं अनपढ़ नहीं हूं। मुझे कांग्रेस अध्यक्ष पद का महत्त्व मालूम है। अगर सोनिया गांधी और कांग्रेस मुझे उस पद के लिए चुन रही थीं, तो क्या मैं मना करता? उन्होंने यह भी दावा किया कि उस समय उनके खिलाफ एक बड़ा षड्यंत्र रचा गया था और पूरे देश में यह धारणा बना दी गई कि वह मुख्यमंत्री पद छोडऩा नहीं चाहते थे। गहलोत ने कहा कि सच्चाई इससे बिलकुल अलग थी। गहलोत ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष का पद देश की सबसे प्रतिष्ठित राजनीतिक जिम्मेदारियों में से एक है। उन्होंने याद दिलाया कि इस पद पर महात्मा गांधी, मोतीलाल नेहरू, जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल जैसे नेता रह चुके हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भी देश के बहुत से लोग यह मानते हैं कि उन्होंने मुख्यमंत्री बने रहने के लिए 25 सितंबर, 2022 का घटनाक्रम करवाया था। उन्होंने कहा कि यही वह धारणा है, जिसे वह गलत मानते हैं और अब उसके बारे में खुलकर बात कर रहे हैं। गहलोत ने दावा किया कि उस समय अचानक जो राजनीतिक संकट पैदा हुआ, उसके पीछे एक बड़ा षड्यंत्र था। उन्होंने कहा कि लोगों के मन में यह बात बैठा दी गई कि अशोक गहलोत मुख्यमंत्री पद नहीं छोडऩा चाहते थे, इसलिए विधायकों का विरोध हुआ। उनके मुताबिक, यह पूरी कहानी वास्तविक घटनाओं को सही ढंग से प्रस्तुत नहीं करती।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App