विशेष

Divya Himachal Survey : धर्मशाला-मनाली में भी बनें शिमला जैसे सील्ड रोड

By: Jun 14th, 2026 9:41 pm
Divya Himachal Survey:

दिव्य हिमाचल सर्वे में 83 प्रतिशत जनता ने बताया समय की जरूरत

जीवन ऋषि

हिमाचल की राजधानी शिमला में 6 सील्ड और 8 रिस्ट्रिक्टेड रोड हैं। इन सडक़ों पर स्थानीय लोगों और प्रशासन के अलावा आम गाडिय़ों की आवाजाही पर रोक रहती है। शिमला में यह व्यवस्था बरसों पुरानी है, जिसकी सराहना होती है, लेकिन अब समय बदल गया है। शिमला की तरह धर्मशाला, मनाली, डलहौजी, सोलन जैसे शहरों में भी कई ऐसी सडक़ें हैं, जहां भारी वाहनों की आवाजाही हर किसी को अखरती है। लोग कहने लगे हैं कि अन्य शहरों में भी सील्ड रोड होने चाहिएं। दिव्य हिमाचल मीडिया हाउस ने अपने इस बार के साप्ताहिक सर्वे में इस बारे में सवाल उठाकर जनता की राय जाननी चाही। सवाल इस प्रकार था। ‘क्या शिमला की तरह प्रदेश के सारे शहरों में सील्ड रोड होने चाहिए?’

दिव्य हिमाचल टीवी के फेसबुक पेज, यूटयूब चैनल और दिव्य हिमाचल डॉटकॉम पर सात दिन चले सर्वे में 83 प्रतिशत लोगों ने हां के आप्शन पर क्लिक किया। इन लोगों का मानना था कि हिमाचल के सभी शहरों में सील्ड रोड बनने चाहिएं। महज 13 प्रतिशत लोगों ने ‘नहीं’ वाले आप्शन पर क्लिक किया, जबकि चार फीसदी ने पता नहीं का बटन दबाकर सवाल को ही बाइपास कर दिया। कुल 739 प्रबुद्धजनों ने सर्वे में हिस्सा लिया। कुल मिलाकर सर्वे में साफ संकेत मिले कि सभी शहरों में सील्ड रोड समय की जरूरत है।

ये सडक़ें हैं बड़ी जरूरी

पर्यटन नगरी मनाली की बात करें, तो माल रोड और उसके आसपास के संवेदनशील व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्र को इस दायरे में शामिल किया जा सकता है। इसी तरह कांगड़ा जिला मुख्यालय धर्मशाला में मकलोडगंज मुख्य चौक से दलाईलामा मंदिर रोड और स्थानीय संकरे पैदल मार्ग को सील्ड रोड बनाना चाहिए। चंबा जिला के पर्यटक स्थल डलहौजी में गांधी चौक से सुभाष चौक के बीच का मुख्य और संवेदनशील मार्ग इसमें शामिल हो सकता है। ऐसे ही सोलन, कांगड़ा और मंडी आदि शहरों में भी ऐसी व्यवस्था लागू हो सकती है।

सील्ड रोड से पहले कुछ ऐसा करना होगा

एक्सपट्र्स का मानना है कि मौजूदा दौर में शिमला में सील्ड रोड इसलिए कामयाब हैं, क्योंकि राजधानी में अल्टरनेट सडक़ें हैं। दूसरे शहरों धर्मशाला, मनाली, सोलन, डलहौजी आदि की बात करें, तो यहां वैकल्पि सडक़ें काफी कम हैं। इस कारण सील्ड रोड बनाने से पहले यहां नई वैकल्पिक सडक़ें बनानी होंगी। अकेले धर्मशाला शहर की बात करें, तो खड़ा डंडा-मकलोडगंज पर ट्रैफिक का बहुत दबाव है,लेकिन इसे सील्ड किया जाएगा, तो काफी दिक्कतें हो जाएंगी। कुल मिलाकर पहले नई सडक़ें बनानी होंगी, फिर सील्ड रोड का कांसेप्ट कामयाब हो सकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App