खराब मौसम में न करें चूड़धार की यात्रा

By: Jun 12th, 2026 12:50 am

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए चूड़ेश्वर प्रबंधक समिति ने जारी की एडवाइजरी
निजी संवाददाता- नौहराधार
प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चूड़धार धाम में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। आगामी 15 जून को पड़ रही सोमवती अमावस्या और संक्रांति के मद्देनजर श्रद्धालुओं की संख्या में ओर अधिक बढ़ौतरी की संभावना को देखते हुए चूड़श्वर प्रबंधन समिति ने यात्रियों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वह 13 और 14 जून को प्रस्तावित अपनी यात्रा को यथासंभव स्थगित कर दें अथवा किसी अन्य तिथि पर निर्धारित करें। चूड़धार प्रबंधन के प्रतिनिधियों के अनुसार शनिवार और रविवार को बाहरी राज्यों सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ के कारण ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं पर दबाव बढ़ गया है। ऐसे में यदि आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ती है तो यात्रियों को आवास, भोजन तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। प्रबंधन ने बताया कि इन दिनों चूड़धार क्षेत्र में मौसम लगातार खराब बना हुआ है।

प्रतिदिन बारिश और ओलावृष्टि की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे यात्रा मार्ग फिसलन भरे और जोखिमपूर्ण हो सकते हे। मौसम में अचानक बदलाव होने की स्थिति में श्रद्धालुओं की कठिनाइयां और बढ़ सकती हैं। प्रबंधन समिति ने यह भी स्पष्ट किया कि ऊंचाई वाले क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाएं सीमित हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं को आवश्यक दवाइयां, गर्म कपड़े और अन्य जरूरी सामान साथ लेकर आने की सलाह दी गई है। साथ ही यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वह समय से पहले चूड़धार पहुंचे और दिन ढलने से पहले अपनी यात्रा पूरी करने का प्रयास करें। प्रबंधन ने श्रद्धालुओं को सलाह दी है कि यदि संभव हो तो सप्ताहांत के बजाय सोमवार से शुक्रवार के बीच यात्रा की योजना बनाएं। इससे भीड़भाड़ से बचने के साथ-साथ यात्रा अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक रहेगी। चूड़धार धाम प्रबंधन ने सभी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App