एम्स की आपात सेतु पहल को लागू करने का करेंगे प्रयास
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने एम्स विजिट में किया खुलासा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बिलासपुर
नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि एम्स बिलासपुर की आपात सेतु पहल को प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य संस्थानों को जोड़ते हुए प्रदेश भर में लागू करने का प्रयास करेंगे, ताकि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समयबद्ध बेहतर चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि आपात सेतु पहल की शुरूआत जिला बिलासपुर के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य संस्थानों को जोडक़र करेंगे। राजेश धर्माणी गुरूवार को एम्स बिलासपुर का दौरा करने के बाद अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आपात सेतु पहल के माध्यम से आपातकालीन स्थिति में मरीजों का एक संस्थान से दूसरे संस्थान में रैफर किये जाने की स्थिति में संपूर्ण जानकारी संबंधित चिकित्सा संस्थान को पहले की उपलब्ध हो जाती है, जिसके कारण मरीज को समयबद्ध बेहतर चिकित्सा उपचार की सुविधा सुनिश्चित की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि एम्स संस्थान को बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित बनाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से पूरी मदद की जा रही है, ताकि यह संस्थान देश का बेहतरीन चिकित्सा संस्थान बन सके। उन्होंने कहा कि संस्थान को लेकर कई समस्याएं हैं जिन्हे भी प्रदेश सरकार प्राथमिकता के आधार पर हल करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्थान परिसर के बाहर रेन शैल्टर, पार्किंग, यहां पर कार्यरत स्टाफ को बेहतर परिवहन सेवाएं सुनिश्चित बनाने सहित अतिरिक्त स्टाफ क्वार्टर की समस्याओं को भी जल्द हल करने का प्रयास किया जाएगा। राजेश धर्माणी ने कहा कि एम्स में 132 केवी का विद्युत उपकेंद्र स्थापित किया जा चुका है तथा ट्रांसमिशन लाइन के कार्य को भी जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
