कैन में पेट्रोल-डीजल न मिलने से किसान-बागबान परेशान
पावर टिल्लर, पंप और घास काटने वाली मशीनों का काम रुका, किसानों को पेट्रोल पंपों पर नहीं मिल रहा तेल
निजी संवाददाता सराहां
क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर कैन और अन्य कंटेनरों में पेट्रोल और डीजल न दिए जाने से किसानों, बागबानों और ऑटो व्यवसाय से जुड़े लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा सुरक्षा एवं प्रशासनिक निर्देशों का हवाला देते हुए कंटेनरों में ईंधन देने से मना किया जा रहा है, जिससे कई आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। किसानों और बागबानों का कहना है कि स्प्रेयर मशीनों, घास काटने वाली मशीनों, पावर टिल्लर, पानी के पंपों तथा अन्य कृषि उपकरणों के संचालन के लिए पेट्रोल और डीजल की आवश्यकता होती है। वहीं, ऑटोमोबाइल व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि सर्विस, परीक्षण (टेस्टिंग) और जनरेटर संचालन जैसे कार्यों के लिए भी समय-समय पर ईंधन की जरूरत पड़ती है। ऐसे में कंटेनरों में ईंधन न मिलने से कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सरकार और प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से यह व्यवस्था लागू की है तो किसानों, बागवानों और पंजीकृत व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए कोई व्यावहारिक व्यवस्था भी बनाई जानी चाहिए, ताकि आवश्यक कार्य बाधित न हों। क्षेत्र के लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि इस विषय पर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं और वैध और आवश्यक उपयोग के लिए पहचान पत्र या अन्य उचित प्रक्रिया के आधार पर ईंधन उपलब्ध करवाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। लोगों का मानना है कि सुरक्षा और जनहित दोनों के बीच संतुलन बनाकर इस समस्या का शीघ्र समाधान निकाला जाना चाहिए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
