दिल्ली में आग से हाहाकार, जिंदा जले तीन लोग, दो की हालत गंभीर

By: Jun 12th, 2026 12:28 pm

दिव्य हिमाचल ब्यूरो—नई दिल्ली

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन में शुक्रवार सुबह पांच मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई, जिससे कम से कम तीन लोगों की मौत हो गयी और दो अन्य घायल हो गए, जिनकी हालत गंभीर है। पुलिस के अनुसार यह घटना गुरुवार रात को हुई। गोविंद पुरी पुलिस स्टेशन की एक टीम हादसे की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि घटना के बारे में पीसीआर कॉल रात 2:24 बजे प्राप्त हुई।

स्थानीय पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और जल्द ही वहां वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए। इसके बाद अग्निशमन सेवा कर्मी और आपातकालीन प्रतिक्रिया बल के लोगों ने धुएं से भरी इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया। चार दमकल गाडिय़ां और कैट्स एम्बुलेंस सेवा में लगाई गईं। एक समन्वित प्रयास के तहत, घने धुएं में फंसे आठ लोगों को बचाया गया और सफदरजंग अस्पताल तथा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, इस घटना में 22 साल के एक युवक और दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गयी, जबकि दो अन्य लोगों का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। शुरुआती जांच से पता चला है कि आग शायद ग्राउंड फ्लोर पर बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। आग तेज़ी से फैली और वहां खड़ी सात दो-पहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिनमें एक इलेक्ट्रिक स्कूटर भी शामिल था, जो चार्ज हो रहा था। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारण का पता विस्तृत जांच के बाद ही चलेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App