हिमाचल प्रदेश के पांच उपायुक्त देशभर के सर्वश्रेष्ठ अधिकारियों में शुमार, देश की नामी संस्था के सर्वे में शाबाशी

By: Jun 17th, 2026 12:01 am

देश की नामी संस्था के सर्वे में शाबाशी, भारत के 800 जिलों के अफसरों के कार्यांे का हुआ मूल्यांकन

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — हमीरपुर

देशभर के सर्वश्रेष्ठ और प्रतिष्ठित प्रशासनिक अधिकारियों में हिमाचल प्रदेश से जुड़े कई अधिकारियों ने अपनी उत्कृष्ट सेवाओं और नवाचार से राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान बनाई है। हिमाचल कैडर के ये अफसर समय-समय पर अपनी कार्यशैली से अमिट छाप छोड़ते रहे हैं। इसी श्रृंखला में हिमाचल के पांच प्रशासनिक अधिकारियों को इस बार राष्ट्रीय स्तर की एक संस्था द्वारा किए गए सर्वेक्षण में देशभर के सर्वश्रेष्ठ अधिकारियों की लिस्ट में शामिल किया गया है। इनकी बतौर प्रशासनिक अधिकारी कार्यशैली और प्रशासनिक नेतृत्व तथा कार्यकुशलता को देखते हुए अलग-अलग पैरामिटर पर उन्हें बेहतरीन प्रशासनिक अधिकारियों में शामिल किया गया है। इन पांच प्रशासनिक अधिकारियों में 2014 बैच के आईएएस अधिकारी डीसी शिमला अनुपम कश्यप को सर्वे के दौरान देशभर के जिला प्रशासनिक अधिकारियों की सूची में 8वें स्थान पर जगह मिली है।

उनके अलावा वर्ष 2013 बैच के हिमाचल प्रदेश कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी मनमोहन शर्मा को 15वें स्थान पर, 2013 बैच के आईएएस अधिकारी डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा 45वें, 2015 बैच के आईएएस अधिकारी डीसी मंडी अपूर्व देवगन 72वें और 2016 बैच की आईएएस अधिकारी डीसी हमीरपुर गंधर्वा राठौर को 73वें स्थान पर जगह मिली है। मौजूदा समय में हमीरपुर के अलावा लाहुल-स्पिति और सिरमौर में महिला अफसर जिले की कमान संभाल रही हैं। बता दें कि संस्था द्वारा देशभर के 800 जिलों के उपायुक्तों के कार्यों का मूल्यांकन किया गया था। ये पांचों अधिकारी सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के कार्यान्वयन के लिए जिला के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम का नेतृत्व कर रहे हैं।

डीसी हमीरपुर गंधर्वा राठौर का काम भी बेमिसाल

इन पांच अधिकारियों में जिला हमीरपुर में बतौर उपायुक्त तैनात एकमात्र महिला अफसर गंधर्वा राठौर का नाम भी शामिल है। गंधर्वा राठौर ने लगभग पांच माह पूर्व 14 जनवरी को हमीरपुर में बतौर उपायुक्त कार्यभार संभाला था। वे जिला हमीरपुर की पांचवीं महिला उपायुक्त हैं। पूर्व में आईएएस अधिकारी के रूप में लगभग 6 वर्ष तक पश्चिम बंगाल में कार्य कर चुकी गंधर्वा राठौड़ ने हिमाचल प्रदेश कैडर में आने के बाद कांगड़ा जिले में एडीसी के पद से अपनी सेवाएं आरंभ की थीं। इसके बाद उन्होंने हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम के प्रबंध निदेशक और महिला एवं बाल विकास विभाग के निदेशक के रूप में भी कार्य किया। हमीरपुर की उपायुक्त पर नियुक्ति से पहले वह कार्मिक विभाग के विशेष सचिव और हिमाचल प्रदेश राज्य हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम की प्रबंध निदेशक के रूप में सेवाएं दे रही थीं।

जिला कांगड़ा में है ससुराल

राजस्थान के जयपुर की रहने वालीं आईएएस अधिकारी गंधर्वा राठौर ने जिला कांगड़ा के बैजनाथ क्षेत्र से संबंध रखने वाले हिमाचल प्रदेश कैडर के आईएएस अधिकारी अनुराग चंद्र शर्मा से विवाह किया है। उन्होंने जयपुर में प्रारंभिक एवं सेकंडरी शिक्षा के बाद दिल्ली के सबसे प्रतिष्ठित संस्थानों में शामिल श्रीराम कालेज ऑफ कॉमर्स से बीकॉम किया है और वर्ष 2016 में आईएएस की परीक्षा पास करने के बाद उन्हें पश्चिम बंगाल काडर मिला था। वह जिला हमीरपुर की पांचवीं महिला उपायुक्त हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App