खाद्य आपूर्ति विभाग का छापा चड़ी में 53 अवैध सिलेंडर जब्त

By: Jun 11th, 2026 12:02 am

बड़ी रिकवरी के बाद से इलाके के जमाखोरों अवैध कारोबार करने वालों में मचा हडक़ंप
दिव्य हिमाचल ब्यूरो- धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के तहत शाहपुर तहसील में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग की विशेष निरीक्षण टीम ने चड़ी क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर अवैध रूप से भंडारित किए गए 53 एलपीजी (गैस) सिलेंडरों की खेप को जब्त किया है। यह अवैध भंडारण क्षेत्र के ही एक स्थानीय दुकानदार द्वारा किया गया था। जिसके खिलाफ अब विभाग ने कानूनी शिकंजा कस दिया है।

इस बड़ी रिकवरी के बाद से इलाके के जमाखोरों और अवैध कारोबार करने वालों में हडक़ंप मच गया है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के जिला नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि विभाग को शाहपुर के चड़ी निवासी परमेश कुमार नामक दुकानदार द्वारा बिना किसी वैध लाइसेंस या अनुमति के भारी मात्रा में गैस सिलेंडरों को छिपाकर रखने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर विभाग की निरीक्षण टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए दुकान और संबंधित परिसर पर औचक छापेमारी की। इस दौरान टीम ने मौके से 53 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए, जिनके भंडारण को लेकर दुकानदार कोई भी वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब पेश नहीं कर सका। इसके बाद टीम ने तुरंत प्रभाव से सभी सिलेंडरों को अपने कब्जे में ले लिया। जिला नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले दिनों में भी उपमंडल और जिला स्तर पर इस प्रकार की औचक निरीक्षण कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों के विरुद्ध जाकर अवैध व्यापार या जमाखोरी करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी तरह की घबराहट या अफवाहों में न आएं। जिला नियंत्रक ने कहा कि हर क्षेत्र में शेड्यूल और रूटीन के हिसाब से नियमित रूप से गैस की सप्लाई भेजी जा रही है, इसलिए सभी उपभोक्ता नियमों के तहत ही और अपनी बारी आने पर ही सिलेंडर प्राप्त करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App