मनाली प्रवास पर पहुंचे पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, जागृति आश्रम में बिताएंगे तीन दिन
दिव्य हिमाचल, कुल्लू
कुल्लू । देश के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद कुल्लू-मनाली दौरे पर पहुंचे हैं। रविवार को भुंतर हवाई अड्डे पर जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह नगर घुरदौड़ स्थित पूज्य सुधांशु महाराज जी के विश्व जागृति मिशन आश्रम के लिए रवाना हुए। नग्गर आश्रम पहुंचने पर पूर्व राष्ट्रपति और उनके परिवार का पारंपरिक कुल्लवी रीति-रिवाजों के अनुसार स्वागत किया गया। स्थानीय लोगों और आश्रम से जुड़े श्रद्धालुओं ने उन्हें कुल्लवी टोपी व शॉल भेंट कर सम्मानित किया। आश्रम परिसर में उनके स्वागत के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी।
जानकारी के अनुसार पूर्व राष्ट्रपति अपने इस निजी प्रवास के दौरान करीब तीन दिनों तक सुधांशु महाराज जी के आश्रम में रहेंगे और आध्यात्मिक गतिविधियों में भाग लेंगे। इस दौरान वह आश्रम के शांत वातावरण में समय बिताने के साथ-साथ पूज्य सुधांशु महाराज जी से भी मुलाकात करेंगे। बताया जा रहा है कि पूर्व राष्ट्रपति इससे पहले भी राष्ट्रपति रहते अटल टनल देखने के लिए लाहुल व मनाली व कुल्लू घाटी का दौरा कर चुके हैं।
देवभूमि की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और आध्यात्मिक माहौल उन्हें हमेशा आकर्षित करता रहा है। यही कारण है कि उन्होंने एक बार फिर अपने निजी प्रवास के लिए कुल्लू-मनाली को चुना है। पूर्व राष्ट्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ उनके प्रवास को सुचारू बनाने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। उनके दौरे को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखा गया।
कुल्लू-मनाली में पर्यटन सीजन के बीच पूर्व राष्ट्रपति के आगमन को क्षेत्र के लिए सम्मानजनक माना जा रहा है। स्थानीय पर्यटन कारोबारियों का मानना है कि देश की प्रतिष्ठित हस्तियों के यहां आने से घाटी की पहचान और अधिक मजबूत होती है तथा पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
