सुकेती में फेंका जा रहा कूड़ा
प्रदूषित हो रहे जल स्रोत, जनस्वास्थ्य पर मंडरा रहा खतरा
स्टाफ रिपोर्टर- मंडी
सुकेती खड्ड में लगातार कूड़ा-कचरा फेंके जाने से क्षेत्र में पर्यावरणीय संकट गहराता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि खड्ड के किनारों और जलधारा में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, घरेलू कचरा तथा अन्य अपशिष्ट सामग्री डाली जा रही है, जिससे पानी दूषित हो रहा है और आसपास के क्षेत्रों में प्रदूषण फैल रहा है। यदि ऐसा ही रहा तो हालात बल्ह के रत्ती खड्ड जैसे हो जाएंगे, जहां कई मछलियां और जलीय जीव मर गए। कूड़ा-कचरा खड्ड में पहुंचने से जल की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है, जिसका असर लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों पर पड़ सकता है।
बरसात के मौसम में यह कचरा पानी के साथ बहकर अन्य क्षेत्रों तक पहुंच जाता है, जिससे समस्या और गंभीर हो जाती है। लोगों ने चिंता जताई है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। साथ ही खड्ड का प्राकृतिक सौंदर्य भी प्रभावित हो रहा है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि खड्ड में कचरा फेंकने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। स्थानीय लोगों ने नियमित सफाई अभियान चलाने, कूड़ा निस्तारण की उचित व्यवस्था करने तथा जागरूकता अभियान चलाने की भी मांग की है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
