जॉर्जिया मेलोनी की सिगरेट से तौबा, पीएम बोलीं; एक महीना हो गया, जी7 समिट में माइक पर रिकॉर्ड हुई बातचीत
एजेंसियां — पेरिस
युद्ध, व्यापार और वैश्विक सुरक्षा जैसे बड़े मुद्दों पर चर्चा के बीच जी7 समिट का एक हल्का-फुल्का पल भी देखने को मिला। फ्रांस के एवियन में विश्व नेताओं की बैठक के दौरान इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने खुलासा किया कि उन्होंने एक महीने पहले सिगरेट पीना छोड़ दिया है। औपचारिक बैठकों से अलग कॉफी पर हुई बातचीत में मेलोनी के साथ जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन, यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर मौजूद थे।
सभी नेता एकसाथ घेरा बनाकर बात कर रहे थे। बातचीत के दौरान मेलोनी ने कहा कि उन्हें कॉफी चाहिए। इस पर फ्रेडरिक मर्ज ने मुस्कुराते हुए पूछा, ‘और सिगरेट?’ इस पर मेलोनी ने जवाब दिया, ‘मैंने छोड़ दी।’ यह सुनते ही वहां मौजूद सभी नेताओं ने उनकी तारीफ करते हुए कहा, ‘बहुत बढिय़ा!’ जब उनसे मजाकिया अंदाज में पूछा गया कि उन्होंने सिगरेट कल छोड़ी है, इस पर मेलोनी ने बताया कि उन्होंने एक महीने से सिगरेट नहीं पी है।
दूसरों ने भी बताए अनुभव
ब्रिटेन के पीएम कीर स्टार्मर ने यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा से पूछा कि उन्होंने सिगरेट कब छोड़ी थी। कोस्टा ने जवाब दिया, ‘2005 में।’ स्टार्मर ने फिर पूछा, ‘उसके बाद कभी दोबारा नहीं पी?’ इस पर कोस्टा ने कहा, ‘कभी नहीं। 21 साल हो गए। वहीं नेताओं में हुई यह अनौपचारिक बातचीत माइक्रोफोन में रिकॉर्ड हो गई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
