लोगों से सुविधाएं छीन रही सरकार, जयराम का आरोप, कई कल्याणकारी योजनाएं कर दी बंद
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — मंडी
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सहारा योजना के तहत एक जीवित लाभार्थी को सरकारी रिकॉर्ड में मृत दिखाकर उसकी पेंशन बंद करने के मामले में हिमाचल सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए है। मंडी में जयराम ने खुलासा किया कि सराज विधानसभा क्षेत्र के छडय़ांद निवासी सुरेश कुमार आज भी जीवित हैं, लेकिन सरकारी तंत्र ने कागजों में उन्हें मृत घोषित कर उनकी सहारा योजना की वित्तीय सहायता राशि रोक दी है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार आर्थिक तंगी का झूठा हवाला देकर जनहित और जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को उनके अधिकारों से वंचित करने के लिए सभी सीमाएं पार कर चुकी है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के समय शुरू की गई सहारा और हिमकेयर जैसी अत्यंत लाभकारी स्वास्थ्य योजनाओं को या तो बजट की कटौती करके पूरी तरह बंद करना चाहते हैं या फिर उनके खिलाफ दुष्प्रचार करके उन्हें लगातार बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं।
जनप्रतिनिधियों से मिले
पूर्व मुख्यमंत्री ने बुधवार को पंचायत समिति जंजैहली और बालीचौकी के नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्यों और अन्य जन प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंन दावा किया कि दोनों ही महत्त्वपूर्ण स्थानों पर भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ अपने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाने में सफल रहेगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
