Wild Flower Hall से कमाई करेगी सरकार, 30 साल लीज पर देने की तैयारी, 24 करोड़ की लगेगी बोली

By: Jun 24th, 2026 8:15 pm

24 करोड़ की बोली लगेगी, 50 करोड़ निवेश भी करना होगा

इस नामी होटल के लिए सुक्खू सरकार ने जीती थी कानूनी लड़ाई

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-शिमला

शिमला के छराबड़ा स्थित चर्चित और प्रतिष्ठित वाइल्ड फ्लावर हॉल होटल को लेकर राज्य सरकार ने नया फैसला लिया है। इस संपत्ति की कानूनी जंग जीतने के बाद अब सुक्खू सरकार इसे लीज पर देने की तैयारी कर चुकी है। राज्य सरकार के स्वामित्व वाली इस संपत्ति को अब नए संचालक के हाथों में देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य सरकार के पर्यटन विभाग ने इस बेशकीमती होटल के संचालन, प्रबंधन और रख रखाव के लिए 30 वर्ष की लाइसेंस अवधि के साथ ही पांच वर्ष के अतिरिक्त विस्तार के विकल्प के साथ ई-ऑक्शन के लिए निविदा आमंत्रित की है। सुक्खू सरकार ने इस प्रक्रिया के लिए 24 करोड़ की बिड सिक्योरिटी तय की है। चयनित कंपनी को होटल संचालन के साथ-साथ अगले दो साल में 50 करोड़ का पूंजी निवेश भी करना होगा। टेंडर शर्तों के अनुसार, सफल बोलीदाता को सरकार को होटल के सकल राजस्व का न्यूनतम 30 प्रतिशत हिस्सा देना होगा।

इसके अलावा न्यूनतम गारंटी फीस 2 करोड़ रुपये प्रति महीना तय की गई है। इसमें आने वाले समय में वृद्धि का प्रावधान भी रखा गया है। अब इस सम्पत्ति को लेकर ई-ऑक्शन प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में तकनीकी योग्यता और आईपीओ प्रक्रिया होगी। दूसरे चरण में योग्य बोलीदाताओं के बीच ऑनलाइन नीलामी होगी। तकनीकी बोलियां 24 जुलाई 2026 को खोली जाएंगी और ई-ऑक्शन 7 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा। सरकार 22 अगस्त 2026 को पसंदीदा बोलीदाता यानी प्रेफरेड बिडर की घोषणा करेगी। कांग्रेस सरकार का मानना है कि इस का लक्ष्य होटल के बेहतर संचालन के साथ पर्यटन क्षेत्र से मिलने वाले राजस्व को बढ़ाना है।

77,471 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली है हेरिटेज प्रॉपर्टी

राजधानी शिमला के समीप छराबड़ा में करीब 8,250 फीट की ऊंचाई पर स्थित वाइल्ड फ्लावर हॉल हिमाचल की अहम लग्जरी पर्यटन संपत्तियों में शामिल है। ब्रिटिश काल की ये संपत्ति करीब 77,471 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली है। इस शानदार होटल में 85 कमरे, स्विमिंग पूल, स्पा, जिम और बैंक्वेट जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। ये होटल प्रकृति के बीच में एक आलीशान स्थल है।

—राजेश


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App