डलहौजी बाजार में निकला भव्य नगर कीर्तन

By: Jun 14th, 2026 12:50 am

सैलानी भी हुए शामिल, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा डल्हौजी के 100वें सालाना दीवान के उपलक्ष्य में किया गुरु महिमा का गुणगान
स्टाफ रिपोर्टर-डलहौजी
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा सदर बाजार डलहौजी द्वारा अपने स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे 100वें सालाना दीवान के अंतर्गत शनिवार को भव्य नगर कीर्तन का आयोजन श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक उल्लास के साथ किया गया। नगर कीर्तन में स्थानीय संगत के साथ-साथ पर्यटकों ने भी बढ़-चढक़र भाग लिया और गुरु घर की महिमा का गुणगान किया। नगर कीर्तन गरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, सदर बाजार से आरंभ होकर सुभाष चौक और गांधी चौक से होते हुए पुन: गुरुद्वारे में पहुंचकर संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने गुरु साहिब के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा। इस अवसर पर कीर्तनीय जत्थों के सदस्य दङ्क्षवद्र सिंह सोढी एवं राजदीप सिंह ने सुभाष चौक और गांधी चौक में मधुर गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत कर संगत को निहाल किया।

वहीं, कथावाचक जसविंदर सिंह ने गुरमत विचारों एवं प्रेरणादायक कथाओं के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति रस से सराबोर किया। नगर कीर्तन का मुख्य आकर्षण भाई कंवलजीत सिंह एंड पार्टी द्वारा प्रस्तुत गतका प्रदर्शन रहा। कलाकारों ने पारंपरिक सिख युद्ध कला के शानदार करतब दिखाकर उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया और सिख विरासत से परिचित कराया। इसके अलावा पठानकोट से आए महाजन बैंड ने धार्मिक गीतों और मनमोहक धुनों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। नगर कीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक और सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहा। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति ने बताया कि 100वें सालाना दीवान के उपलक्ष्य में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैंए जिनमें बड़ी संख्या में संगत भाग लेकर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त कर रही है। समारोह ने डलहौजी में धार्मिक एकता, भाईचारे और सेवा भावना का संदेश प्रसारित किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App