पर्यावरण, नशा मुक्ति संदेश के साथ ओलंपिक सप्ताह में दौड़ेगा हिमाचल
स्टाफ रिपोर्टर — शिमला
हिमाचल प्रदेश में इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस केवल एक दिन का आयोजन नहीं रहेगा, बल्कि पूरे प्रदेश में खेलों, फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति के संदेश के साथ ओलंपिक सप्ताह-2026 के रूप में मनाया जाएगा। यह निर्णय सोमवार को हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ की वर्चुअल कार्यकारिणी बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष एवं हमीरपुर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने की। बैठक में प्रदेश की विभिन्न राज्य खेल संघों, जिला ओलंपिक संघों और कार्यकारिणी सदस्यों ने भाग लिया। निर्णय लिया गया कि 23 जून को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के मुख्य कार्यक्रमों के अलावा उससे पहले और बाद में भी खेल प्रतियोगिताएं, फिटनेस गतिविधियां, जागरूकता अभियान, वृक्षारोपण कार्यक्रम और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
विशेष रूप से युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। ओलंपिक संघ ने प्रदेश के सभी जिलों में कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जिला ओलंपिक संघों, शिक्षण संस्थानों, खेल संगठनों और खिलाडिय़ों के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
