परमाणु ठिकानों का निरीक्षण होकर रहेगा, ईरान की न-नुकुर के बीच आईएईए चीफ ग्रॉसी की दो टूक
एजेंसियां — तेहरान
ईरान की न-नुकुर के बीच अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने दोटूक कहा है कि परमाणु ठिकानों का निरीक्षण होकर ही रहेगा। आईएईए के प्रमुख राफेल मारियानो ग्रॉसी ने बुधवार को संकेत दिया कि ईरान के न्यूक्लियर एनरिचमेंट साइट्स का निरीक्षण उनकी टीम द्वारा किया जाएगा। यह अमरीका और ईरान के बीच युद्ध समाप्त करने के लिए हुए अंतरिम समझौते का एक अहम हिस्सा माना जा रहा है। आईएईए प्रमुख का यह इस मामले में अब तक का सबसे स्पष्ट बयान है। संयुक्त राष्ट्र की यह परमाणु निगरानी एजेंसी ईरान के परमाणु भंडार की स्थिति तय करने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इजरायल ने ईरान के साथ 2025 में 12 दिनों तक चले युद्ध के दौरान उनके परमाणु स्थलों को निशाना बनाया था। अमरीका ने भी बी-2 बमवर्षक विमानों से ईरान के फोर्दो, नतांज और इस्फहान न्यूक्लियर फैसेलिटी पर हमले किए थे।
इन हमलों के बाद से ईरान ने आईएईए को उन परमाणु सुविधाओं तक पहुंचने से रोक रखा है। इन परमाणु सुविधाओं में ईरान के पास इतना उच्च स्तर पर संवर्धित यूरेनियम होने का अनुमान है कि यदि वह चाहे तो लगभग 10 परमाणु बम बना सकता है। ईरान लगातार यह दावा करता रहा है कि उसका परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण है। हालांकि, वह दुनिया का एकमात्र ऐसा देश है जिसके पास बिना किसी घोषित वेपन प्रोग्राम के 60 प्रतिशत तक संवर्धित यूरेनियम मौजूद है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
