ICC Ranking : गिल नंबर-2 वनडे बल्लेबाज, आईसीसी रैंकिंग जारी, ईशान किशन 21 पायदान चढ़े

By: Jun 25th, 2026 12:06 am

एजेंसियां— दुबई

अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में टॉप स्कोरर रहे भारतीय कप्तान शुभमन गिल की आईसीसी रैंकिंग में उछाल आया है। वह वनडे में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। इससे पहले वह पांचवें नंबर पर थे। बुधवार को जारी हुई साप्ताहिक रैंकिंग में गिल वनडे नंबर-वन पर काबिज न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल से सिर्फ 24 रेटिंग अंक पीछे हैं। गिल ने अफगानिस्तान के खिलाफ हालिया तीन मैचों की वनडे सीरीज में 238 रन बनाए थे।

वहीं, ईशान किशन 21 स्थान की लंबी छलांग लगाकर 43वें नंबर पर पहुंच गए हैं। भारतीय बॉलर प्रसिद्ध कृष्णा को 34 और अर्शदीप सिंह को 16 स्थान का फायदा मिला है। टेस्ट रैंकिंग में न्यूजीलैंड के मैट हैनरी भारत के जसप्रीत बुमराह के साथ संयुक्त रूप से नंबर-वन गेंदबाज बन गए हैं। यह 36 साल बाद है, जब न्यूजीलैंड का कोई गेंदबाज पहले स्थान पर आया है। इससे पहले 1990 में रिचर्ड हैडली टेस्ट के टॉप गेंदबाज थे।

रोहित चौथे नंबर पर बरकरार, विराट खिसके

विराट कोहली हैमस्ट्रिंग चोट के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ खेली गई सीरीज से बाहर हो गए थे। विराट की रैंकिंग पर इसका असर पड़ा है। पिछले हफ्ते वह दूसरी पोजिशन पर थे, इस बार खिसक कर तीसरे नंबर पर आ गए हैं, जबकि रोहित शर्मा चौथे स्थान पर बने हुए हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की सीरीज में उन्होंने 143 रन बनाए थे, जिसमें एक फिफ्टी शामिल है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App