डील न हुई, तो फिर बरसाएंगे बम, जी7 में शांति समझौते को लेकर ट्रंप की ईरान को धमकी

By: Jun 18th, 2026 12:08 am

जी7 में शांति समझौते को लेकर राष्ट्रपति ट्रंप की ईरान को धमकी, एमओयू अभी अंतिम रूप में नहीं

एजेंसियां — वाशिंगटन डीसी

फ्रांस में जी7 सम्मेलन के दौरान अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने वैश्विक राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। ईरान के साथ चल रही बातचीत के बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने पीस डील को लेकर बेहद सख्त संकेत दिया है। अरब रिपब्लिक ऑफ मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सिसी के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि ईरान से जुड़ा मौजूदा मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) अभी अंतिम रूप में नहीं है। यदि उन्हें ये समझौता पसंद नहीं आया, तो अमरीका सैन्य कार्रवाई के रास्ते पर वापस लौट सकता है। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ बातचीत के बाद एक बेहद मजबूत डील तैयार की गई है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक कोई पूरी तरह नहीं जानता कि इसका अंतिम स्वरूप क्या होगा। उनका दावा था कि ज्यादातर लोग इस समझौते से खुश नजर आ रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस समझौते का विकल्प पूरी दुनिया में आर्थिक अस्थिरता और मंदी हो सकता है। कुछ लोग दुनिया में मंदी देखना चाहते हैं।

ट्रंप ने कहा कि जो लोग दुनिया में मंदी देखना चाहते हैं, वे बेवकूफ हैं। उनके मुताबिक ऐसे लोग वैश्विक अर्थव्यवस्था और स्थिरता की अहमियत नहीं समझते। ट्रंप ने यह भी कहा कि नंबर एक, स्ट्रेट कभी नहीं खुलेगा। हालांकि उन्होंने यह साफ नहीं किया कि वह किस समुद्री मार्ग की बात कर रहे थे। इसके अलावा ट्रंप ने अमरीका की ओर से ईरान में बड़े निवेश को भी खारिज कर दिया, जिसमें 300 बिलियन डॉलर की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसी खबरें पूरी तरह झूठी हैं। अमरीका इस समझौते के हिस्से के रूप में किसी तरह का 300 बिलियन डॉलर का निवेश नहीं कर रहा है। ईरान के साथ बातचीत की स्थिति स्पष्ट करते हुए ट्रंप ने कहा कि मौजूदा एमओयू अभी फाइनल नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें अंतिम एग्रीमेंट पसंद नहीं आया तो अमरीका युद्ध में लौट सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में सैन्य कार्रवाई का विकल्प मेज पर होगा। जी7 शिखर सम्मेलन में ट्रंप के इस बयान को ईरान के लिए सीधी चेतावनी माना जा रहा है।

यूएस-ईरान कल स्विट्जरलैंड में करेंगे एमओयू पर साइन

न्यूयॉर्क। अमरीका और ईरान के बीच एक 14 सूत्रीय मसौदा ज्ञापन जारी हुआ है, जिसके तहत दोनों पक्ष 19 जून को स्विट््जरलैंड में आधिकारिक तौर पर एक समझौता पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर करने वाले हैं। मसौदे के अनुसार, इस एमओयू पर हस्ताक्षर होने के साथ ही ईरान-अमरीका, वर्तमान युद्ध में शामिल अपने सहयोगियों के साथ लेबनान सहित सभी मोर्चों पर तत्काल और स्थायी रूप से युद्ध समाप्त करने की घोषणा करते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App