भारत ने किया अफगानिस्तान का सफाया, शुभमन गिल-ईशान के शतक के दम पर 2-0 से जीती सीरीज
एजेंसियां— लखनऊ
भारत ने लखनऊ में खेले गए दूसरे वनडे में अफगानिस्तान को 170 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज अपने नाम कर ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 402 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान की टीम 44.3 ओवर में 232 रन पर ऑलआउट हो गई। दारविश रसूली चोट के कारण रिटायर्ड हर्ट हुए और फिर बल्लेबाजी के लिए नहीं लौटे। भारत के लिए कप्तान शुभमन गिल ने 154 और ईशान किशन ने 125 रन की शतकीय पारियां खेलीं। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 224 रन जोडक़र टीम को 400 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह और गुरनूर बरार ने 3-3 विकेट झटके। अफगानिस्तान की ओर से रहमत शाह ने सबसे ज्यादा 79 रन बनाए।
टीम के लिए नांगेलिया खरोटे ने 4 और राशिद खान ने 3 विकेट लिए। भारत ने पहला वनडे 7 विकेट से जीता था। भारत ने वनडे इतिहास में आठवीं बार 400 रन का आंकड़ा पार किया है और वह इस मामले में दक्षिण अफ्रीका की बराबरी पर पहुंच गया है। सीरीज का आखिरी मुकाबला 20 जून को चेन्नई में खेला जाएगा।
भारत की ओर से प्रिंस यादव का वनडे डेब्यू
लखनऊ। भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा वनडे मुकाबला लखनऊ के भारत रत्न श्रीअटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। नीतीश कुमार रेड्डी इस मुकाबले में भारत की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे। बीसीसीआई ने एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि नीतीश बाएं जांघ में चोट लगने की वजह से दूसरे वनडे में चयन के लिए उपलब्ध नहीं हो सके। आईपीएल 2026 में दमदार प्रदर्शन के बूते भारतीय टीम में जगह बनाने वाले तेज गेंदबाज प्रिंस यादव अपना वनडे डेब्यू कर रहे हैं। इसके साथ ही कुलदीप यादव और यशस्वी जायसवाल को भी टीम में जगह दी गई।
गिल वनडे में सबसे तेज शतक लगाने वाले पांचवें भारतीय कप्तान
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में 77 गेंदों पर शतक जड़ दिया। गिल का यह वनडे में नौवां सैकड़ा है। गिल इसके साथ ही वनडे में सबसे तेज शतक लगाने वाले पांचवें भारतीय कप्तान बन गए। वनडे में सबसे तेज शतक लगाने वाले भारतीय कप्तान का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है। इसी के साथ शुभमन गिल के वनडे क्रिकेट में तीन हजार रन पूरे कर इतिहास रच दिया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
