ईरान-इजरायल में फिर भडक़ी जंग, दोनों देशों ने एक दूसरे पर दागी मिसाइलें, हाउती भी हुए हमलावर
पश्चिम एशिया में बिगड़े हालात; दोनों देशों ने एक दूसरे पर दागी मिसाइलें, हाउती भी हुए हमलावर
एजेंसियां — तेहरान, यरुशलम
पश्चिम एशिया में एक बार फिर जंग भडक़ उठी है। सोमवार को ईरान और इजरायल ने एक दूसरे पर नए सिरे से हमले शुरू कर दिए। अमरीका और ईरान के बीच चल रही शांति वार्ता को लेकर कोई अच्छी खबर आने से पहले ही ईरान ने रविवार देर रात इजरायल पर हमला कर दिया। ईरान के मुताबिक उसने लेबनान पर इजरायली हमलों के जवाब में यह हमला किया है। वहीं ईरान की ओर से मिसाइल दागे जाने के बाद जवाबी कार्रवाई में इजराइल ने भी सोमवार तडक़े तेहरान सहित कई अन्य जगहों पर हवाई हमले किए। ईरान के सरकारी टेलीविजन ने खबर में बताया कि इस्फहान, करज, तबरीज और तेहरान में धमाकों की आवाजें सुनी गईं। तेहरान में एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि राजधानी के पश्चिमी हिस्से में कम से कम एक बड़े धमाके की आवाज सुनाई दी। इजराइली हमलों के बाद ईरान ने तेहरान के इमाम खुमैनी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास का हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया है।
वहीं इजरायल ने भी बदला लेते हुए ईरान में एक प्रमुख पेट्रोकेमिकल संयंत्र और कई अन्य सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं। इजरायली सेना ने इसकी पुष्टि की है। इस बीच हाउती विद्रोहियों ने भी इजरायल पर हमला बोला है। यमन के ईरान समर्थित हाउती विद्रोहियों ने ईरान संग मिलकर इजरायल पर चौतरफा मिसाइल हमले किए हैं। सोमवार सुबह हाउती विद्रोहियों और ईरान की ओर से मध्य, दक्षिणी और उत्तरी इजरायल को निशाना बनाकर सिलसिलेवार बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं।
इजरायली जहाजों के लाल सागर से गुजरने पर प्रतिबंध
सना। यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सोमवार को इजरायल पर मिसाइल हमले और लाल सागर में इजरायली समुद्री जहाजों के आवागमन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का एलान किया , जिससे इस महत्त्वपूर्ण जलमार्ग पर एक बार फिर बड़े व्यवधान की आशंका बढ़ गई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
