Kangra: नशे के खिलाफ नूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चिट्टे के साथ कार सवार दो युवक गिरफ्तार

By: Jun 14th, 2026 5:14 pm

कार्यालय संवाददाता, नूरपुर

नूरपुर। नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीआईए टीम नूरपुर को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीआईए टीम ने कंडवाल चेकपोस्ट पर मुस्तैदी दिखाते हुए एक स्विफ्ट कार को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान कार सवार दो युवकों से चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ है जिसके बाद पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान अक्षय कुमार निवासी समलोटी, तहसील कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश व सवरण सिंह निवासी बबेहाली, जिला गुरदासपुर पंजाब, हाल निवासी बिंद्राबन, तहसील पालमपुर, हिमाचल प्रदेश, के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से 43.56 ग्राम चिट्टा, हेरोइनद्ध बरामद किया गया है और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

एसपी नूरपुर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं। नशा माफिया की पूरी सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए गहन जांच की जा रही है। नूरपुर पुलिस को उम्मीद है कि इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App