B.Sc. Third Year Result : बीएससी तृतीय वर्ष में कांगड़ा की रुचिका प्रदेश की टॉपर
शिमला की पायल मेहता दूसरे, बिलासपुर की शगुन तीसरे स्थान पर
रिजल्ट 89.69 फीसदी, 28 दिन में ही जारी कर एचपीयू ने बनाया रिकार्ड
स्टाफ रिपोर्टर — शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने बुधवार को स्नातक स्तर की बीएससी तृतीय वर्ष (नियमित) परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है, जिसमें कांगड़ा की रुचिका ने प्रदेश भर में टॉप किया है। विश्वविद्यालय ने अंतिम परीक्षा समाप्त होने के मात्र 28 दिनों के भीतर परिणाम घोषित कर नया रिकार्ड बनाया है। बीएससी अंतिम वर्ष की परीक्षाएं 12 मई को समाप्त हुई थीं और 10 जून को परिणाम जारी कर दिया गया। इस परीक्षा में 3,133 विद्यार्थियों ने भाग लिया था, जिनमें से 2,442 विद्यार्थी सफल रहे। विश्वविद्यालय के अनुसार कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 89.69 रहा, जिसमें कंपार्टमेंट के मामले भी शामिल हैं। मेरिट सूची में कांगड़ा की रुचिका ने पहला स्थान हासिल कर प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
शिमला की पायल मेहता दूसरे, जबकि बिलासपुर की शगुन तीसरे स्थान पर रहीं। चौथे स्थान पर कांगड़ा की अनामिका शर्मा और पांचवें स्थान पर कांगड़ा की ही शामली ठाकुर रहीं। छठा स्थान चिराग ने हासिल किया। इसके बाद नीतिका व मनीषा भंडारी ने सातवां स्थान, कांगड़ा की शिल्पा ने आठवां, तनीषा चौधरी ने नौवां तथा कांगड़ा के अनिकेत राणा ने दसवां स्थान हासिल किया। परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने बताया कि विश्वविद्यालय ने समयबद्ध तरीके से मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी कर परिणाम घोषित किया है। उन्होंने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
