छोटे पर्दे पर छाईं ‘मिस हिमाचल’ फाइनलिस्ट सरकाघाट की कनिका शर्मा
रियलिटी शो ‘तुम हो न घर की सुपरस्टार’ में धाटू ओढ़ बढ़ाया हिमाचल की संस्कृति का मान
निजी संवाददाता— सरकाघाट
सरकाघाट की ग्राम पंचायत बकारटा की बेटी कनिका शर्मा ने सोनी टीवी के चर्चित रियलिटी शो ‘तुम हो न घर की सुपरस्टार’ के एपिसोड-41 में शानदार प्रस्तुति देकर हिमाचल का गौरव बढ़ाया है। इस कार्यक्रम में कनिका ने मंडयाली संस्कृति की झलक प्रस्तुत कर हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाया। यह कार्यक्रम सोनी टीवी पर रात नौ बजे प्रसारित होता है, जिसका संचालन प्रसिद्ध अभिनेता राजीव खंडेलवाल ने किया। शो की शूटिंग मुंबई के मलाड स्थित स्टूडियो में हुई है। कनिका की प्रभावशाली प्रस्तुति को दर्शकों और निर्णायकों ने खूब सराहा। उनकी इस उपलब्धि के पीछे पति विकास शर्मा, पिता सतीश ठाकुर, माता मीना ठाकुर तथा भाई तरुण ठाकुर का विशेष सहयोग रहा है।
मंडी जिला के सरकाघाट क्षेत्र से संबंध रखने वाली कनिका ‘दिव्य हिमाचल’ के मेगा इवेंट ‘मिस हिमाचल’ की टॉप-10 फाइनलिस्ट रह चुकी हैं। वर्तमान में कनिका एयर इंडिगो में एयरहोस्टेस हैं और पति चंडीगढ़ में सरकारी नौकरी करते हैं। मॉडलिंग के क्षेत्र में आगे बढऩे की प्रेरणा उन्हें पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन से मिली है। खेल, नृत्य, खाना बनाना और यात्रा करना उनके प्रमुख शौक हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
