भरमौर एनएच पर भूस्खलन; 19 घंटे तक यातायात ठप
बत्ती दी हट्टी के पास बारिश के कारण सडक़ पर गिरा मलबा और पत्थर, बीच रास्ते में फसीं गाडिय़ां, मुसाफिर हुए परेशान, कड़ी मशक्कत के बाद आवाजाही हुई बहाल
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
चंबा-भरमौर एनएच पर बत्ती दी हट्टी के समीप बारिश के कारण हुए भूस्खलन के चलते करीब उन्नीस घंटे बड़े वाहनों की आवाजाही बाधित रही। एनएच प्रबंधन ने भूस्खलन के कारण गिरे बड़े-बड़े पत्थरों को ब्लास्टिंग के जरिए हटाकर शुक्रवार दोपहर बाद बड़े वाहनों की आवाजाही को सामान्य बनाया। एनएच बंद होने के चलते भरमौर व होली रूट की बसों के बीच राह में फंसने से मुसाफिरों को काफी दिक्कतें पेश आई। एनएच पर यातायात बहाल होने के बाद ही वाहनों के गंतव्य की राह पकडऩे से मुसाफिरों ने राहत की सांस ली। शुक्रवार को एनएच के बंद होने के चलते भरमौर व होली में रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की सप्लाई दोपहर बाद ही पहुंच पाई।
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम को बारिश को बारिश के कारण बत्ती दी हट्टी के समीप अचानक पहाड़ी दरकने से हुए भूस्ख्लन के कारण भारी तादाद में मलबा व बड़े-बड़े पत्थर नीचे आ गिरे। इसके चलते भरमौर एनएच पर यातायात ठप हो गया। एनएच प्रबंधन ने मार्ग बंद होने की सूचना पाते ही जेसीबी मशीनों संग मौके पर पहुंचकर यातायात बहाली का काम आरंभ कर दिया। एनएच प्रबंधन ने करीब तीन घंटे की मेहनत के बाद छोटे वाहनों की आवाजाही को सामान्य बना दिया। मगर बड़े-बड़े पत्थरों के एनएच पर गिरने के कारण बड़े वाहनों की आवाजाही आरंभ नहीं हो पाई। एनएच प्रबंधन ने शुक्रवार सवेरे ब्लास्टिंग के जरिए मार्ग पर गिरे बड़े-बड़े पत्थरों को तोडा। इसके बाद दोपहर बारह बजे भरमौर एनएच बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए खुल पाया।
एनएच मंडल चंबा के सहायक अभियंता के बोल…
एनएच मंडल चंबा के सहायक अभियंता ईं वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि भरमौर एनएच पर बत्ती दी हट्टी के पास बारिश से भारी भूस्खलन हुआ था। उन्होंने बताया कि एनएच को छोटे वाहनों के लिए देर शाम ही खोल दिया गया था, लेकिन बड़े-बड़े पत्थरों के गिरने से बड़े वाहनों की आवाजाही शुक्रवार दोपहर बाद बाहल हो पाई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
