जुलाई में होगी एमएड परीक्षाएं, सेकेंड-थर्ड सेमेस्टर को तीन जुलाई तक ऑनलाइन भरे जाएंगे फॉर्म

By: Jun 24th, 2026 10:22 pm

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने एमएड द्वितीय एवं तृतीय सेमेस्टर नियमित और री-अपीयर की परीक्षाओं को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। विश्वविद्यालय की कंडक्ट शाखा द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार एमएड सेकेंड और थर्ड सेमेस्टर की परीक्षाएं जुलाई में आयोजित की जाएंगी। इसके लिए विद्यार्थी विश्वविद्यालय के ऑनलाइन परीक्षा पोर्टल के माध्यम से तीन जुलाई तक परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि के बाद परीक्षा फॉर्म भरने पर विश्वविद्यालय नियमों के अनुसार लेट फीस ली जाएगी। वहीं, सभी पीजी सेंटरों, महाविद्यालयों और संस्थानों के अध्यक्षों, प्राचार्यों एवं निदेशकों को निर्देश दिए गए हैं कि केवल पात्र विद्यार्थियों के परीक्षा फॉर्म ही सत्यापित किए जाएं।

अधिसूचना में कहा गया है कि कॉलेज आईडी के माध्यम से उपलब्ध एडमिशन अप्रूवल फॉर एग्जाम फॉर्म फिलिंग सुविधा का उपयोग करते हुए किसी भी अपात्र अभ्यर्थी को परीक्षा फॉर्म भरने की अनुमति न दी जाए। संस्थानों के प्रमुखों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि केवल योग्य विद्यार्थियों के आवेदन ही स्वीकृत हों। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि यदि परीक्षा फॉर्म भरने में किसी प्रकार की तकनीकी या अन्य समस्या आती है तो वे अपने संबंधित कॉलेज, पीजी सेंटर या संस्थान के प्राचार्य अथवा निदेशक से संपर्क करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App