मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में भीषण अग्निकांड, ICU में चार मरीजों की मौत, 20 झुलसे

By: Jun 4th, 2026 10:58 am

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर शहर स्थित एक निजी अस्पताल में गुरुवार तड़के हुए भीषण अग्निकांड में आईसीयू में भर्ती चार मरीजों की मौत हो गई, तथा 20 से अधिक लोग झुलस गए। पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि आग अस्पताल की पांचवीं मंजिल पर स्थित आईसीयू में लगी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में चार मरीजों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग झुलस हो गए।

सूत्रों ने बताया कि मृतकों में 57 वर्षीय गीता देवी, 57 वर्षीय उदय कुमार और 30 वर्षीय शशांक कुमार की पहचान हो चुकी है, जबकि एक अन्य मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। झुलसे सभी लोगों को शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार ने चार लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है और यदि अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना की जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। टीम आग लगने के कारणों और अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App