तीन दिशाओं की ट्रैफिक से मटौर बना जाम का जंक्शन
मटौर चौक पर लगातार जाम से यातायात व्यवस्था चरमराई, समाधान की मांग तेज, फोरलेन निर्माण ही एकमात्र विकल्प
जिला संवाददाता-कांगड़ा
मटौर चौक पर लगातार लग रहे लंबे जाम से आम जनता की मुश्किलें बढ़ गई हैं। यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमराने के कारण वाहन चालकों, कर्मचारियों और आम लोगों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार जाम की वजह से कर्मचारी समय पर अपने कार्यालय नहीं पहुंच पा रहे हैं, जबकि जरूरी सामान की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है। आपात स्थिति में मरीजों को ले जा रही एम्बुलेंस भी कई बार जाम में फंस जाती हैं, जिससे गंभीर स्थिति पैदा हो रही है। यह मार्ग पठानकोट से बैजनाथ, कांगड़ा से धर्मशाला और मकलोडगंज जाने वाले पर्यटकों के लिए प्रमुख रूट है, ऐसे में गर्मी के सीजन में वाहनों का दबाव और अधिक बढ़ गया है। मटौर पुल पर जर्जर स्थिति और तीनों दिशाओं से आने वाले यातायात के कारण जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।
पुलिस कर्मियों द्वारा ट्रैफिक नियंत्रित करने के प्रयासों के बावजूद स्थिति पूरी तरह काबू में नहीं आ पा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि राजोल-ठानपुरी फोरलेन का निर्माण समय पर पूरा हो जाता, तो यह समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकती थी। लेकिन भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ‘एनएचएआई’ द्वारा इस परियोजना की एलाइनमेंट तय न हो पाने के कारण पिछले चार वर्षों से मामला अटका हुआ है। सूत्रों के अनुसार, एनएचएआई द्वारा तीन अलग-अलग एलाइनमेंट विकल्प राज्य सरकार को भेजे गए थे, जिन पर राजोल से सलांगड़ी, आईटी पार्क के पास, इच्छी होते हुए मटौर और कछियारी में मुख्य सडक़ से जोडऩे जैसे प्रस्ताव शामिल थे। हालांकि अब तक किसी भी विकल्प पर अंतिम निर्णय नहीं हो सका है। यह मुद्दा विधानसभा में भी उठ चुका है, जहां बताया गया था कि विभिन्न विकल्पों पर विचार किया जा रहा है, लेकिन अंतिम सहमति नहीं बन पाई।
समाधान न निकाला तो समस्या होगी गंभीर
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो समस्या और गंभीर हो सकती है तथा आम जनता को और अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
बगली रोड पर मेले के कारण भी यातायात प्रभावित
कांगड़ा थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि बगली रोड पर मेले के कारण भी यातायात प्रभावित हो रहा है, जबकि चौक पर तीन दिशाओं से ट्रैफिक आने के कारण जाम की स्थिति बन रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है, लेकिन स्थायी समाधान फोरलेन निर्माण के बाद ही संभव होगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
