मेडिकल कालेज को मिले 17 डाक्टर

By: Jun 17th, 2026 12:01 am

नाहन में स्थापना के दस साल बाद शुरू होगा कार्डियोलॉजी विभाग

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
हिमाचल के सरकारी क्षेत्र के तीसरे बड़े मेडिकल कालेज में शुमार डा. वाईएस परमार मेडिकल कालेज एवं अस्पताल नाहन में स्थापना के दस वर्ष बाद कार्डियोलॉजी विभाग शुरू होगा। सरकार ने नाहन मेडिकल कालेज को एक कार्डियोलॉजिस्ट समेत 17 विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की है। मेडिकल कालेज नाहन में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार ने 17 असिस्टेंट प्रोफेसर (स्पेशलिस्ट) पद उपलब्ध करवाए हैं। सरकार के इस निर्णय से मेडिकल कालेज नाहन को स्थापना के दस वर्ष बाद एक साथ 17 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति मिली है। विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। इन नियुक्तियों से नाहन सहित पूरे जिला सिरमौर के लोगों को बेहतर एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। विधायक ने मुख्यमंत्री का पुन: धन्यवाद करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को भविष्य में भी प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। मेडिकल कालेज नाहन में जिन 17 चिकित्सा विशेषज्ञों को तैनात किया गया है उनमें गाइनोकॉलॉजी, जनरल मेडिसिन, शिशु रोग विशेषज्ञ विभाग में दो-दो, जबकि रेडियोलोजी में तीन, जनरल सर्जरी, पल्मोनरी, कार्डियोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री, माइक्रोबायोलॉजी, मनोचिकित्सक, ईएनटी व पैथोलॉजी में एक-एक विशेषज्ञ की नियुक्ति हुई है।

विधायक अजय सोलंकी ने सीएम को कहा थैंक्स
प्रदेश सरकार के इस निर्णय पर नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने सीएम सुक्खू का आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है। अजय सोलंकी ने कहा कि मेडिकल कालेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों की लंबे समय से मांग की जा रही थी, जिसे उन्होंने विभिन्न अवसरों पर सरकार और मुख्यमंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने विशेष रूप से कार्डियोलॉजी सेवा शुरू किए जाने को क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी राहत बताते हुए कहा कि अब हृदय रोगियों को बेहतर उपचार घरद्वार मिलेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App