मंत्री रोहित ठाकुर के समक्ष समस्याओं की बौछार
जिला स्तरीय शिकायत निवारण समिति की बैठक में रामपुर, चौपाल और कुमारसैन से सबसे ज्यादा शिकायतें, अफसरों से जवाब तलब
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
बचत भवन में आयोजित जिला शिकायत निवारण समिति की बैठक में जिला शिमला के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी जन समस्याएं प्रमुखता से उठीं। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता से जुड़े मामलों का समाधान समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाए और उसका प्रभाव धरातल पर दिखाई दे। बैठक में खस्ताहाल बस सेवाएं, पेयजल संकट, चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी, जर्जर सडक़ें, बंद पड़े बस रूट, भालू आतंक, स्कूलों में रिक्त पद, कचरा प्रबंधन, सडक़ चौड़ीकरण, सिंचाई योजनाएं और मेले के आयोजन से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
रोहित ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2023 और 2025 की प्राकृतिक आपदाओं से जिला शिमला को भारी नुकसान हुआ था, लेकिन विशेष राहत पैकेज से हालात में काफी सुधार आया है। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कमी से प्रभावित बागबानी और विकास कार्यों पर भी चिंता व्यक्त की। उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि जिला शिकायत निवारण समिति प्रशासन और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु है, जो शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान के लिए कार्य करती है। बैठक का संचालन एडीसी सचिन शर्मा ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पंकज शर्मा, एएसपी मेहर पंवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।
कचरा प्रबंधन, खाली पद, सडक़, बिजली और पानी की मश्किलें उठाई
गैर सरकारी सदस्य गंगा राम ने सराहन और आसपास की पंचायतों में कचरा प्रबंधन संयंत्र, सराहन क्षेत्र के स्कूलों में रिक्त पद, पशु औषधालयों और डिस्पेंसरियों में स्टाफ की कमी, ज्योरी-सराहन संपर्क मार्ग पर घराट स्थान में स्लैब और कलवर्ट निर्माण, सडक़ चौड़ीकरण में पेड़ कटान की देरी तथा सराहन, बोंडा और शाहधार पंचायतों में बढ़ते भालू आतंक का मुद्दा उठाया। रामपुर उपमंडल के सदस्य नाविशेक ने लैलन, कुमसू और बराच क्षेत्रों में एचआरटीसी बसों की खराब स्थिति, रामपुर और ननखड़ी में पेयजल संकट, अधूरी पेयजल एवं सिंचाई योजनाएं, खनेरी अस्पताल, पीएचसी और सीएचसी में विशेषज्ञ चिकित्सकों तथा पैरामेडिकल स्टाफ की कमी, बोंडा, कुंगल बाल्टी, दनसा, देवठी और सुरु क्षेत्रों की संपर्क सडक़ों की बदहाल स्थिति, ननखड़ी, सराहन और 15/20 क्षेत्र के स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पद तथा जर्जर भवनों की मरम्मत का मामला रखा। सदस्य कृष्ण गोपाल ने देवता साहिब लक्ष्मी नारायण कुमसू के जिला स्तरीय नोगली मेले के आयोजन में आ रही कानूनी बाधाओं का मुद्दा उठाया। कुमारसैन उपमंडल के सदस्य अशोक ने पानू ढांक से कठीन संपर्क मार्ग तथा कवाला से तेशन वाया मानण संपर्क मार्ग से जुड़े लंबित कार्यों और बजट की कमी का मामला उठाया। चौपाल उपमंडल के सदस्य सतीश राठौर ने एचआरटीसी के बंद पड़े बस रूटों की बहाली में हो रही देरी पर सवाल उठाते हुए निगम से स्पष्ट कार्ययोजना सार्वजनिक करने की मांग की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
