पर्यटन की दृष्टि से विकसित होंगे नाहन के तालाब
रामकुंडी तालाब से नवनिर्वाचित पार्षद कपिल गर्ग ने शुरू किया जीर्णोंद्वार का कार्य, लगाई मशीनरी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
पूरे उत्तर भारत में तालाबों के शहर के रूप में पहचान रखने वाले नाहन शहर में तालाबों का शीघ्र जीर्णोंद्वार होगा। इसके लिए नाहन शहर के वार्ड नंबर-एक से नवनिर्वाचित पार्षद कपिल गर्ग मोंटी ने रामकुंडी तालाब में दशकों से पड़ी गाद व झाडिय़ों को सफाई के लिए बुधवार को जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर से कार्य आरंभ कर दिया है। कपिल गर्ग ने बताया कि नाहन शहर के तालाबों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर परिषद की आमदनी में भी इजाफा हो इस दिशा में इन तालाबों को विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बरसात से पहले शहर के वार्ड नंबर एक में स्थित रामकुंडी तालाब को पूरी तरह से झाडिय़ां व गाद मुक्त कर दिया जाएगा, ताकि बरसात में इसमें पानी भर सके। उन्होंने कहा कि उसके पश्चात तालाब को बेहद ही पर्यटन की दृष्टि से आकर्षित बनाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। इसके लिए तालाब के चारों ओर आकर्षण लाइट व पर्यटकों के लिए बैठने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल तालाब के समत्तलीकरण का कार्य जेसीबी से आरंभ कर दिया गया है। कपिल गर्ग ने बताया कि नाहन शहर के चारों तालाब जिसमें पक्का तालाब, रानीताल तालाब, कालीस्थान तालाब व रामकुंडी तालाब को पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनाया जाएगा।
इसके लिए नाहन के विधायक अजय सोलंकी से बातचीत की जा चुकी है और प्रदेश सरकार के शहरी विकास मंत्रालय से उचित बजट को लेकर प्रस्ताव भेजा जाएगा। गौर हो कि नाहन शहर पूरे उत्तर भारत में तालाबों के साथ-साथ बावडिय़ों के शहर के रूप में भी विख्यात है। यहां पर करीब आधा दर्जन तालाब रियासतकाल में होते थे, जिनमें से वर्तमान में चार मुख्य तालाब ही सिमट कर रह गए हैं। इनमें शहर के मध्य स्थित पक्का तालाब नाहन नगर परिषद की आमदनी का एक अच्छा जरिया बन सकता है। गौर हो कि नाहन के ऐतिहासिक पक्का तालाब में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए करीब दो दशक पूर्व तत्त्कालीन नगर परिषद द्वारा तत्त्काल अध्यक्ष संजीव शर्मा द्वारा करीब 150 फीट ऊंचे जेट फव्वारे को स्थापित किया गया था, लेकिन यह शावर भी डेढ़ दशक से जंग खा रहा है। ऐतिहासिक कालीस्थान तालाब भी लाख कोशिशों के बावजूद भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र नहीं बन पा रहा है। ऐसे में यदि नगर परिषद नाहन शहर के तालाबों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करती है तो नगर परिषद नाहन की एक अच्छी खासी आमदनी हो सकती है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
