नशे के खिलाफ अभियान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

By: Jun 9th, 2026 12:02 am

बीबीएन में अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने थाना और चौकी प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण, कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा को लेकर सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय बद्दी के कॉन्फ्रेंस हॉल में क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्दी, उप पुलिस अधीक्षक नालागढ़ सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न थानों में लंबित मामलों की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की गई और अधिकारियों को मामलों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

क्राइम मीटिंग में विशेष रूप से एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामलों, नशा तस्करी के नेटवर्क संदिग्ध गतिविधियों तथा क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्त्वों पर विस्तार से चर्चा की गई। एसपी विनोद धीमान ने कहा कि बद्दी पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देश दिए कि नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए सप्लाई चेन तक पहुंच बनाई जाएए ताकि युवाओं को नशे के जाल से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई केवल छोटे स्तर तक सीमित न रहे, बल्कि संगठित रूप से कार्य कर नशे के कारोबार से जुड़े मुख्य आरोपियों तक पहुंच सुनिश्चित की जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App