पंजाब सीमा पर निहंगों ने वसूला खालसा एंट्री टैक्स, लगभग पौना घंटा पंजाब से आ रहे वाहनों को रोककर जताया विरोध
हिमाचल में बाहरी राज्यों के वाहनों पर लगाए जा रहे शुल्क के विरोध में प्रदर्शन
लगभग पौना घंटे तक पंजाब से आ रहे वाहनों को रोककर जताया विरोध
निजी संवाददाता — बैहल (स्वारघाट)
हिमाचल प्रदेश में बाहरी राज्यों के वाहनों से लिए जा रहे स्टेट एंट्री टैक्स और हाल के दिनों में पंजाब से आने वाले पर्यटकों के साथ कथित दुव्र्यवहार की घटनाओं के विरोध में बुधवार को हिमाचल-पंजाब सीमा पर निहंग सिंहों ने अनोखा प्रदर्शन किया। पंजाब सीमा में स्थित गरामोड़ा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर निहंगों ने खालसा एंट्री टैक्स के नाम पर वाहनों को रोककर स्वैच्छिक धनराशि एकत्र की और हिमाचल सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। यह प्रदर्शन दोपहर लगभग पौने बारह बजे से लेकर साढ़े बारह बजे तक चला। इस दौरान हिमाचल की ओर जाने वाले वाहनों को रोका गया, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। निहंग अछर सिंह अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और वाहनों से सरबत के भले के नाम पर योगदान एकत्र करने लगे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह अभियान हिमाचल सरकार द्वारा लगाए गए शुल्कों और पंजाबियों के साथ कथित भेदभाव के विरोध में शुरू किया गया है। मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए निहंग सिंह अछर सिंह ने कहा कि किसी भी व्यक्ति से जबरन धनराशि नहीं ली गई और न ही किसी प्रकार की जबरदस्ती की गई। उन्होंने दावा किया कि लोगों ने अपनी इच्छा से योगदान दिया जिसे धार्मिक और सामाजिक कार्यों में खर्च किया जाएगा। उन्होंने साथ ही चेतावनी दी कि यदि हिमाचल सरकार पंजाब से आने वाले लोगों पर लगाए शुल्कों और करों को वापस नहीं लेती है, तो विरोध और तेज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हमने सिर्फ थोड़ी देर के लिए हिमाचल सरकार को ट्रेलर दिखाया है। यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आगे बड़ा आंदोलन किया जा सकता है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए श्रीकीरतपुर साहिब थाना प्रभारी राहुल शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने निहंग सिंहों से बातचीत कर उन्हें समझाया, जिसके बाद खालसा एंट्री टैक्स के नाम पर चल रहा यह अभियान बंद कर दिया गया और यातायात सामान्य कराया गया। उधर, बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पंजाब सीमा पर हिमाचल की ओर जाने वाले वाहनों को रोका जा रहा है। मामले की जानकारी लेने के लिए पंजाब के रोपड़ जिला के एसएसपी से भी संपर्क किया गया। उन्होंने कहा कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार प्रदर्शन सीमित समय तक चला और पुलिस को किसी प्रकार की अवैध वसूली की पुष्टि नहीं हुई है। इसी बीच पंजाब मोर्चा के कन्वीनर गौरव राणा, किसान मोर्चा के अध्यक्ष बीर सिंह बड़बा तथा अन्य संगठनों के नेताओं ने भी हिमाचल में हाल के दिनों में सामने आई घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने हिमाचल सरकार से मांग की कि राज्य में आने वाले बाहरी पर्यटकों और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा हालिया विवादों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही दोनों राज्यों के बीच भाईचारे और सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने पर जोर दिया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

