नौ साल के अरमान ने 80 किलो वजन उठा जीता सोना

By: Jun 17th, 2026 12:02 am

स्टेट पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में घुमारवीं के अरमान बने सबसे कम उम्र के चैंपियन

स्टाफ रिपोर्टर – घुमारवीं
उम्र महज 9 साल और ताकत ऐसी कि 80 किलो भार उठाकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। ग्राम मनहन (सुन्हाणी) के होनहार खिलाड़ी अरमान शर्मा ने धर्मशाला में आयोजित प्रदेश स्तरीय स्टेट पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर न केवल गोल्ड मेडल जीता, बल्कि सबसे कम उम्र के खिलाड़ी के रूप में अपनी अलग पहचान भी बनाई।

उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। विशेष बात यह रही कि अरमान प्रतियोगिता के सबसे कम उम्र के प्रतिभागी थे, लेकिन उन्होंने अपने आत्मविश्वास, अनुशासन और अथक मेहनत के दम पर सभी को प्रभावित करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। इतनी कम उम्र में राज्य स्तर पर यह उपलब्धि हासिल करना अपने आप में बड़ी मिसाल है। अरमान के पिता दीपक शर्मा और माता भारती शर्मा ने बेटे की इस सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास और समर्पण से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

पावरलिफ्टिंग का उभरता सितारा

खेल प्रेमियों का कहना है कि यदि उन्हें इसी तरह मार्गदर्शन और अवसर मिलते रहे तो वे भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। महज 9 वर्ष की आयु में राज्य स्तरीय मंच पर स्वर्ण पदक जीतकर अरमान शर्मा ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App