कुख्यात नशा तस्कर तीन माह के लिए निवारक हिरासत में

By: Jun 11th, 2026 12:02 am

कांगड़ा पुलिस की कार्रवाई, पीआईटी एनडीपीएस के तहत आरोपी जेल भेजा

स्टाफ रिपोर्टर – धर्मशाला
जिला कांगड़ा पुलिस ने नशा तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए बैजनाथ उपमंडल के कोटली निवासी एक आरोपी को तीन माह के लिए निवारक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी विक्की कुमार उर्फ टेंकू पुत्र बाबू राम बार-बार गिरफ्तारी और जमानत के बावजूद नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में सक्रिय बना हुआ था। पुलिस विभाग कांगड़ा ने पीआईटी एनडीपीएस के अंतर्गत उक्त बड़ी कार्रवाई कुख्यात नशा तस्कर के खिलाफ की है। मिली जानकारी के अनुसार कोटली गुनेहड़ बैजनाथ निवासी विक्की कुमार उर्फ टेंकू के विरुद्ध मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े तीन मामले दर्ज हैं। इनमें एक मामला बीड़ थाना तथा दो मामले बैजनाथ थाना क्षेत्र में पंजीकृत हैं।

इन मामलों में आरोपी के कब्जे से चरस बरामद की गई थी। पुलिस और गुप्तचर तंत्र से प्राप्त सूचनाओं के अनुसार आरोपी क्षेत्र में नशीले पदार्थों की आपूर्ति और वितरण में सक्रिय रूप से संलिप्त था। उसकी गतिविधियों के कारण विशेष रूप से युवाओं के स्वास्थ्य और सामाजिक व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पडऩे की आशंका बनी हुई थी। ऐसे में जनहित और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसके विरुद्ध निवारक कार्रवाई की गई। जिला कांगड़ा पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मादक पदार्थों के अवैध व्यापार की रोकथाम संबंधी कानून के तहत निवारक हिरासत का प्रस्ताव तैयार कर उच्च अधिकारियों के माध्यम से सक्षम प्राधिकारी को भेजा था। मामले की समीक्षा के बाद सक्षम प्राधिकारी ने आरोपी को तीन माह तक जिला कारागार कांगड़ा स्थित धर्मशाला में निरुद्ध रखने के आदेश जारी किए। आदेश प्राप्त होने के बाद बीड़ थाना पुलिस ने आरोपी को विधिवत हिरासत में लेकर जिला कारागार धर्मशाला में भेज दिया है। जिला कांगड़ा पुलिस अधीक्षक आईपीएस अशोक रत्न ने स्पष्ट किया है कि नशे के विरुद्ध उसकी शून्य सहनशीलता की नीति आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने कहा कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी, ताकि युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके और समाज में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखी जा सके।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App